
Karnataka elections 2023 कांग्रेस और भाजपा विचार करने में लगे हैं आम आदमी पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की तीसरी सूची भी जारी कर दी है। तीसरी सूची में 28 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। ये सभी 28 उम्मीदवार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने एक बयान में दावा किया कि, न सिर्फ उसने अब तक सबसे ज्यादा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है बल्कि 224 विधानसभा क्षेत्रों में से 168 सीटों पर लोगों को ईमानदार विकल्प प्रदान किया है। इसमें कहा गया है कि, आप ने सबसे ज्यादा किसानों, युवाओं, महिलाओं और शिक्षित पेशेवरों को टिकट दिया है। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी।
हमारे उम्मीदवारों की जीतने की संभावना तय
आम आदमी पार्टी ने कहा, हमारे उम्मीदवारों की जीतने की संभावना तय करने का पैमाना उनकी ईमानदारी और सेवा भाव है न कि बाहुबल। कर्नाटक के लोग तीनों पारंपरिक पार्टियों से त्रस्त हो चुके हैं। इसीलिए, आप वास्तविक चुनौती दे रही है।
उम्मीदवारों की औसत उम्र 47 साल
पार्टी ने कहा कि, उसके उम्मीदवारों की औसत उम्र 47 साल है। हमने 16 किसान, 13 महिलाएं, 18 अधिवक्ता, 10 डॉक्टर और 10 इंजीनियर को टिकट दिए हैं। पांच उम्मीदवार डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त हैं। इनके अलावा 41 स्नातकोत्तर और 82 स्नातक पास हैं।
जनता से अपील, एक मौका दें
आम आदमी पार्टी ने कहा, हम अपने उम्मीदवारों और दिल्ली तथा पंजाब में किए गए अपने काम के दम पर चुनाव लड़ेंगे। हम जनता के लिए प्रशासन देने का एक मौका चाहते हैं। हमें विश्वास है कि कर्नाटक के लोग अपने समर्थन और वोट का आशीर्वाद हमें देंगे।
कांग्रेस-भाजपा में घबराहट - जगदीश वी. सदम
आप के प्रदेश मीडिया संयोजक जगदीश वी. सदम ने कहा, सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा कर्नाटक में आप की इंट्री से निश्चित रूप से घबराए हुए हैं। उन्हें डर है कि, उनकी लूट की राजनीति समाप्त हो जाएगी। वे अपने धनबल और बाहुबल से उम्मीदवारों को डराकर और प्रलोभन देकर आप के अभियान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।