Congress releases second list कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के बाद कांग्रेस आज गुरुवार को 42 उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी। इस सूची में हत्यारोपी विनय कुलकर्णी और भाजपा छोड़कर हाल ही में कांग्रेस में शामिल बाबूराव चिंचानसुर के भी नाम हैं। भाजपा विधायक पद से हाल ही में इस्तीफा देने वाले एन वाई गोपालकृष्णा को मोनाकलमुरू सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। विनय कुलकर्णी को धारवाड़ ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से और चिंचानसुर को कलबुर्गी जिले के गुरुमिथकल सीट से टिकट दिया गया है। बाबूराव चिंचानसुर ने दावा किया था कि, वह कांग्रेस को 20 सीटों पर जीत दिलाएंगे। कलबुर्गी नगर निगम चुनाव जीतने के बाद भाजपा के हौसले बुलंद हैं और वह चिंचानसुर तथा इसी जिले से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को मात देने को लेकर आश्वस्त है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को प्रदेश में नई सरकार चुनने के लिए वोटिंग होगी। इस वक्त राज्य में भाजपा की सरकार है। 224 विधानसभा सीटों में से 166 उम्मीदवारों के नामों की घोषण हो गई है।