राष्ट्रीय

सोते-सोते मौत के मुंह में समाए परिवार के चार लोग, भारी बारिश के चलते मकान की छत गिरने से हुआ हादसा

कर्नाटक के विजयपुरा जिले में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण एक मकान की छत गिर गई। इस हादसे में मकान में सो रहे पति-पत्नी और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई।

2 min read
May 15, 2026
मकान की छत गिरने से चार लोगों की मौत (फोटो- पीटीआई एक्स पोस्ट)

कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां लगातार भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते एक पुराने मकान की छत अचानक गिर गई, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक यह हादसा गुरुवार रात विजयपुरा जिले के आलामेला तालुक के मोरतागी गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार परिवार अपने घर में मरम्मत कार्य चलने के कारण अस्थायी रूप से किराये के मकान में रह रहा था। हादसे के समय सभी सदस्य सो रहे थे। छत गिरते ही पूरा परिवार मलबे में दब गया।

ये भी पढ़ें

प्री-मानसून के चलते मौसम फिर लेगा करवट, 16, 17 और 18 मई को इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पति-पत्नी समेत दो बेटियों की मौत

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय गुरुनाथ बडिगेर, उनकी पत्नी ज्योति बडिगेर, 13 वर्षीय बेटी कलम्मा बडिगेर और 9 वर्षीय कीर्ति बडिगेर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तेज आवाज सुनने के बाद तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को मामले की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। हालांकि तब तक परिवार के सभी सदस्यों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

तेज हवा और बारिश के कारण हुआ हादसा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसा लगातार बारिश और तेज हवा के कारण हुआ। जिस मकान में परिवार रह रहा था वह काफी पुराना बताया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिसके बाद देर रात वह गिर गई। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन की मदद की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों की बढ़ी चिंता

इस हादसे ने बारिश के मौसम में पुराने मकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण इलाकों में कई परिवार कमजोर मकानों में रहने को मजबूर हैं, जहां तेज बारिश और आंधी के दौरान खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मकानों का सर्वे कराया जाए और जोखिम वाले घरों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान दिया जाए। फिलहाल मोरतागी गांव में मातम पसरा हुआ है।

Published on:
15 May 2026 02:19 pm
Also Read
View All