राष्ट्रीय

कर्नाटक के परिवहन मंत्री का सरप्राइज इंस्पेक्शन, बस में नहीं मिली रियायत; जानिए क्यों कंडक्टर ने उतरने को कहा

Byrathi Suresh Reality Check: कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश ने आम यात्री बनकर बीएमटीसी बस में औचक निरीक्षण किया। खुले पैसे नहीं होने पर कंडक्टर ने उन्हें उतरने को कहा। जानें पूरी घटना।
2 min read
Karnataka Transport Minister Byrathi Suresh bus inspection.
कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश (File Photo- IANS)

Karnataka Transport Minister inspection on BMTC: कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश उस समय आम यात्रियों की मुश्किलों से रूबरू हुए, जब औचक निरीक्षण के दौरान उन्हें बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (BMTC ) की बस से उतरना पड़ा। दरअसल, परिवहन मंत्री ने अपनी पहचान छिपाकर आम यात्री की तरह बस में सफर किया था, लेकिन खुले पैसे नहीं होने पर कंडक्टर ने उन्हें उतरने के लिए कह दिया।

क्या है पूरा मामला?

शहर की बस सेवाओं की वास्तविक स्थिति के बारे में जानने के लिए परिवहन मंत्री फेस मास्क पहनकर बेंगलुरु के हेब्बल से नागशेट्टीहल्ली जाने वाली बीएमटीसी बस में सवार हुए। उन्होंने टिकट मांगे और कंडक्टर को 100 रुपए का नोट दिया।

इस पर कंडक्टर ने उनसे खुले पैसे मांगे। परिवहन मंत्री ने कहा कि उनके पास छुट्टे नहीं हैं। इसके जवाब में कंडक्टर ने अपना कैश बैग दिखाते हुए कहा कि उसके पास भी पर्याप्त खुले पैसे नहीं हैं। यदि वे सही किराया नहीं दे सकते तो बस से उतर जाएं।

इस दौरान कंडक्टर यह नहीं पहचान सका कि सामने खड़े यात्री राज्य के परिवहन मंत्री हैं। परिवहन मंत्री ने भी अपनी पहचान उजागर नहीं की। वे कंडक्टर से बिना किसी बहस के बस से उतर गए।

ऑटो चालक ने भी मांगे ज्यादा पैसे

बस यात्रा के बाद परिवहन मंत्री ने नागशेट्टीहल्ली से कुछ दूरी तक ऑटो-रिक्शा से भी सफर किया। ऑटो का मीटर 30 रुपए का किराया दिखा रहा था, लेकिन चालक ने 36 रुपए मांगे। जब परिवहन मंत्री ने इसकी वजह पूछी तो चालक ने जवाब में कहा कि मीटर का दोबारा कैलिब्रेशन कराया जाएगा। आखिरकार परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश ने 40 रुपए देकर यात्रा पूरी की।

औचक निरीक्षण के दौरान परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश को बस और ऑटो, दोनों में आम यात्रियों को होने वाली समस्याओं का अनुभव हुआ। इस घटनाक्रम ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में मौजूद व्यावहारिक चुनौतियों और यात्रियों की रोजमर्रा की दिक्कतों एक बार फिर उजागर कर दिया।

परिवहन मंत्री ने दो घंटे तक किया औचक निरीक्षण

परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश ने शनिवार की शाम करीब 7:10 बजे से 9:10 बजे तक शहर के विभिन्न इलाकों में बस सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जयमहल, टीवी टावर, आरटी नगर, सीबीआई रोड, हेब्बल, मन्यता टेक पार्क, नागावारा, हेन्नूर, हेन्नूर बांडे, बायरथी बांडे और गेद्दालहल्ली मार्गों पर यात्रा की। इस यात्रा के दौरान परिवहन मंत्री ने यात्रियों को होने वाली परेशानियों का जायजा लिया। बिना सरकारी तामझाम के बस में यात्रा कर मंत्री एक ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड भी किया।

Updated on:
12 Jul 2026 10:53 am
Published on:
12 Jul 2026 10:53 am