
CEC Gyanesh Kumar: राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना और अपनी बात रखना हर व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन इसके लिए कानूनी और संवैधानिक व्यवस्था का पालन जरूरी है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा कि वे चुनाव लड़कर संसद में आएं और दो-तिहाई बहुमत हासिल कर मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने का प्रयास करें। उन्होंने चुनाव आयोग को स्वतंत्र और स्वायत्त संस्था बताया।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने यह बात रोहतक में कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध संवैधानिक तरीके से होना चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। ऐसे में प्रदर्शन करने वालों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपनी मांग रखनी चाहिए।
कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि नमोशक्ति रथ लगातार चल रहा है। प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर अब इसे रोहतक और बहु अकबरपुर में भी पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के तहत महिलाओं की निशुल्क जांच की जाएगी, ताकि वे समय पर बीमारी का पता लगाकर इलाज करा सकें। उन्होंने कहा कि जल्द ही नमोशक्ति वैन रोहतक और बहु अकबरपुर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचेगी।
सांसद ने कहा कि एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने नया कीर्तिमान बनाया है। गांवों और देहात में रहने वाले बच्चों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। सरकार और सामाजिक संस्थाएं इस दिशा में काम कर रही हैं। युवा पीढ़ी को बेहतर अवसर देने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने गांव में बनी चौपाल को ई-पुस्तकालय में बदलने का सुझाव भी दिया। शर्मा ने कहा कि अगर गांव के लोग चौपाल को ई-पुस्तकालय बनाना चाहते हैं, तो वे इसमें मदद करेंगे। इससे गांव के बच्चों को नई तकनीक के जरिए पढ़ाई करने और अपना भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश में 100 से अधिक यूनिकॉर्न कंपनियां हैं। इन कंपनियों को खड़ा करने वाले कई युवा सामान्य परिवारों से आते हैं। यह दिखाता है कि सही अवसर मिलने पर युवा अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।