
Arvind Kejriwal E20 Petrol Controversy: E20 पेट्रोल मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भाजपा नेता अमित मालवीय के पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आपने अपने पोस्ट में लिखा- “भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि E20 से आगे पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने का अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। भविष्य में यदि कभी ऐसा प्रस्ताव आता भी है, तो वह व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन, तकनीकी परीक्षण और वाहन निर्माताओं, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों तथा अन्य हितधारकों से परामर्श के बाद ही होगा।
E20 कोई जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं है। भारत का एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम दो दशकों से अधिक समय से चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा है। E20 लागू करने से पहले व्यापक परीक्षण और सभी संबंधित पक्षों से सलाह-मशविरा किया गया।”
मेरा जवाब - “आप ख़ुद ही कह रहे हैं - E20 से आगे पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने का “अभी” कोई निर्णय नहीं लिया गया है। आप माहौल ठंडा होने का इंतज़ार कर रहे हैं। जैसे ही माहौल ठंडा होगा, आप उसे लागू कर देंगे। मुझे खुशी है आपने स्वीकार किया कि निर्णय “अभी” नहीं लिया गया। जैसे E20 बिना किसी वैज्ञानिक अध्ययन के लागू किया गया, किसी की नहीं सुनी गई, धमकियाँ देकर सबको चुप करवा दिया गया, वैसे ही आप E50 भी लागू कर देंगे। यही आपका काम करने का स्टाइल है। आप कहाँ विज्ञान, साइंस और इंजीनियरिंग को मानते हैं। अगर आपने E20 लागू करने के पहले कोई अध्ययन करवाया है तो उनकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं करते? छुपा क्यो रहे हैं?”
केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर दावा किया है कि सरकार आगे चलकर पेट्रोल में 50 फीसदी तक इथेनॉल मिलाने की तैयारी कर सकती है। सरकार अभी सिर्फ माहौल शांत होने का इंतजार कर रही है। जैसे उन्होंने
पहले E20 पेट्रोल लागू किया और अब E50 की तैयारी में हैं।
उन्होंने आगे लिखा- “मोदी सरकार का क्या प्लान है? लगता है वे पेट्रोल में 50% से ज़्यादा मिलावट करने वाले हैं। वे अभी बस माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। पहले, उन्होंने आपकी E0 और E10 गाड़ियों में जबरदस्ती E20 पेट्रोल डालकर उन्हें खराब कर दिया। आज, अगर आप नई E20 गाड़ी खरीदते हैं, तो सरकार कुछ दिनों बाद उसमें जबरदस्ती E50 पेट्रोल डालकर उसे खराब कर देगी। सरकार जल्द ही डीजल में भी मिलावट करने वाली है।
तो अभी के लिए, कुछ सालों तक नई पेट्रोल और डीजल गाड़ियां खरीदने से बचें।”
केजरीवाल ने न्यूज पेपर ‘द ट्रिब्यून’ की एक रिपोर्ट को भी रीपोस्ट किया है। रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में ई20 पेट्रोल लागू होने के बाद पुरानी पेट्रोल गाड़ियों का बाजार करीब 1,000 करोड़ रुपए तक गिर गया है। वहीं डीलरों का कहना है कि खरीदार अब डीजल गाड़ियों और इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ शिफ्ट कर रहे हैं।
बता दें ई20 का मतलब है, पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिला हुआ है। सरकार का तर्क है कि इससे दो फायदे होंगे। पहला, गाड़ियों से निकलने वाला कार्बन कम होगा और दूसरा कच्चे तेल के आयात पर खर्च घटेगा, लेकिन इस नीति को लेकर बहस भी तेज है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या पुरानी गाड़ियां ई20 के साथ ठीक से चल पाएंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि ई20 इस्तेमाल करने पर गाड़ी की माइलेज में 2 से 6 फीसदी तक कमी आ सकती है।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने अपने पोस्ट में लिखा- फेक न्यूज फैलाना और बेवजह डर पैदा करना अरविंद केजरीवाल की पुरानी आदत है। अब नया झूठ यह फैलाया जा रहा है कि सरकार चुपके से पेट्रोल में 50% से अधिक एथेनॉल मिला देगी और लोगों की गाड़ियां कबाड़ हो जाएंगी।
तथ्य क्या हैं?
अरविंद केजरीवाल को राजनीति करने का अधिकार है, लेकिन जनता को झूठ बोलकर डराना स्वीकार्य नहीं। तथ्य पढ़िए, अफवाहों पर नहीं, विज्ञान और प्रमाणों पर भरोसा कीजिए।