राष्ट्रीय

शपथ ग्रहण से पहले नाराज नेताओं को मनाने की हो रही कोशिश? केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नीथला से मिले केरल के होने वाले सीएम वीडी सतीशन

V.D. Satheesan: केरल में नए सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह में अब 2 दिन से भी कम समय बचा है। इस बीच केरल के होने वाले मुख्यमंत्री वीडी सतीशन कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी नेता रमेश चेन्नीथला से मिलने उनके घर पहुंचे। दरअसल, ऐसी चर्चा है कि नए सीएम की घोषणा होने के बाद से दोनों नेता नाराज चल रहे हैं।
2 min read
Kerala New CM
केसी वेणुगोपाल से मिले वीडी सतीशन(फोटो-ANI)

Kerala New CM: केरल में वीडी सतीशन नए सीएम के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। 18 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ वीडी सतीशन लेंगे। उससे पहले सतीशन पार्टी के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। सीएम पद के लिए सतीशन के नाम का ऐलान होने के बाद इस बात की चर्चा है कि कांग्रेस पार्टी के महासचिव और केरल से सांसद केसी वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला नाराज चल रहे हैं। दोनों नेताओं का नाम सीएम रेस में भी था। लेकिन पार्टी हाई कमान ने वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगा दी।

वेणुगोपाल और चेन्नीथला से मिले सतीशन


शपथ ग्रहण से दो दिन पहले वीडी सतीशन केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नीथला के घर जाकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेता सतीशन से गर्मजोशी से मिले। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि केसी वेणुगोपाल कांग्रेस आलाकमान के करीब हैं। सीएम की रेस में उनका नाम सबसे आगे था। लेकिन कई दिनों के उठापटक और केरल के नेताओं से कई दौर के बातचीत के बाद पार्टी आलाकमान ने सतीशन का नाम तय किया।

सतीशन के नाम पर केसी वेणुगोपाल ने क्या कहा?


वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगने के बाद पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह फैसला कांग्रेस हाई कमान ने लिया है और इस फैसले के साथ पूरी तरीके से खड़ा हूं। साथ ही उन्होंने इस फैसले का स्वागत भी किया।

क्या रहा चुनाव परिणाम?


केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। कांग्रेस के खाते में 63 सीटें गईं। वहीं कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ को 102 सीटें हासिल हुई। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की। IUML यूडीएफ का हिस्सा है।

शपथ ग्रहण में शामिल नहीं होंगे शशि थरूर


शपथ ग्रहण से दो दिन पहले सोशल मीडिया साइट 'X' पर लिखकर शशि थरूर ने शपथ ग्रहण समारोह में आने में असमर्थता जताई। उन्होंने लिखा कि अपने कॉलेज के एक फंक्शन के कारण वो अमेरिका में रहेंगे, जिस कारण से वो केरल के नए सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। आपको बता दें कि समय-समय पर थरूर की भी कांग्रेस से नाराजगी सामने आती रहती है।

Updated on:
16 May 2026 03:39 pm
Published on:
16 May 2026 03:39 pm