
Kerala Congress rift: केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन की कार्यशैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस में उपजा आंतरिक कलह अब पार्टी आलाकमान तक पहुंच गया है। पार्टी के 'ए' गुट के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी के भीतर तालमेल और परामर्श की कमी को लेकर चिंता जताईं।
इस बैठक में के. सी. जोसेफ, बेनी बेहनन और शफी परमबिल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने खड़गे के सामने अपने सुझाव रखे। खड़गे ने उन्हें एक निश्चित समय-सीमा के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। यह बैठक यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार के सत्ता में आने के महज छह महीने बाद विभिन्न बोर्डों और निगमों में नियुक्तियों को लेकर बढ़ते मतभेदों के बीच हुई है।
खरगे से मुलाक़ात करने वाले नेताओं ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इस बैठक का मकसद शिकायत कराना नहीं था, बल्कि पार्टी के भीतर बेहतर तालमेल के लिए सुझाव देना था। एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, "सभी के पास इस बात को लेकर सुझाव हैं कि तालमेल कैसे बेहतर बनाया जाए और यह कैसे सुनिश्चित किया जाए कि पार्टी के मामलों में सभी नेताओं से सलाह ली जाए। नेतृत्व को सभी से राय लेने का प्रयास करना चाहिए। AICC प्रमुख ने हमारी चिंताएं सुनीं और समय रहते समाधान निकालने का भरोसा दिया है।"
बैठक में केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (KPCC) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब पब्लिक सर्विस कमीशन, गुरुवायुर देवस्वोम और अन्य कई बोर्डों व निगमों में नियुक्तियों को लेकर पार्टी नेताओं के बीच मतभेद गहरे होते जा रहे हैं।
'ए' गुट के नेताओं का कहना है कि राज्य में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार के सत्ता में आए अभी केवल छह महीने ही हुए हैं। उनका मानना है कि पार्टी के आंतरिक मुद्दों को राज्य नेतृत्व के स्तर पर ही सुलझा लिया जाना चाहिए, ताकि इस तरह के मतभेद सार्वजनिक न हों। हालांकि, उन्होंने निर्णय लेने की प्रक्रिया में बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात की।
अक्टूबर में UDF संयोजक अडूर प्रकाश की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस ने पार्टी के भीतर बढ़ती दरारों को उजागर कर दिया था। इसके बाद, पिछले हफ्ते एक कैबिनेट बैठक के दौरान भी नेताओं ने वी.डी. सतीसन के काम करने के तरीके की कड़ी आलोचना की। राजनीतिक गलियारों में इस कलह को मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी खेमों के बीच राजनीतिक वर्चस्व के संघर्ष के रूप में देखा जा रहा है।
इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि पार्टी और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व से मिलने और अपनी चिंताएं रखने का पूरा अधिकार है। मुरलीधरन ने कहा, "हम सभी वी.डी. सतीसन के नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे और कांग्रेस के नेतृत्व वाली UDF सरकार अपना पूरा कार्यकाल पूरा करेगी। सरकार का काम जारी रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता संगठन के भीतर गुटबाजी को बढ़ावा नहीं देंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी और सरकार के बीच बेहतरीन तालमेल है।