राष्ट्रीय

कर्नाटक में सामने आया दाऊद इब्राहिम के महिमामंडन का मामला, केरल की पर्यटक बस पर मिले विवादित संदेश

Dawood Ibrahim: कर्नाटक के चिक्कमगलूरु में दाऊद इब्राहिम का महिमामंडन करने वाले संदेश लिखी केरल की एक निजी पर्यटक बस को पुलिस ने जब्त किया है। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने बस के दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 8:17 PM IST
dawood ibrahim
जब्त की गई बस। फोटो- पत्रिका

Kerala Tourist Bus: कर्नाटक के कॉफी क्षेत्र चिक्कमगलूरु में अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम का महिमामंडन करने वाली लिखावट से सजी निजी पर्यटक बस मिलने से विवाद खड़ा हो गया है। केरल से आई बस पर दाऊद की प्रशंसा करने वाले संदेश लिखे मिले। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने बस और उसके दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार केरल से पर्यटकों को लेकर आई यह बस चिक्कमगलूरु शहर के बोलारामेश्वर मंदिर के पास पहुंची थी।

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई

बस पर अंग्रेजी में 'राइज ऑफ ए डॉन' और 'एम्परर स्ट्राइक्स अगेन' जैसे संदेश लिखे हुए थे। इन संदेशों को दाऊद इब्राहिम का महिमामंडन करने वाला बताते हुए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई और बस को रुकवा दिया। कार्यकर्ताओं ने चालक और बस मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर चिक्कमगलूरु नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के साथ उसके दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल जांच की जा रही है कि बस पर ये संदेश किसने लिखवाए थे और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। अब तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने या किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

पहले तमिलनाडु की बस पर मिले थे संदेश

करीब आठ महीने पहले तमिलनाडु के कोयंबटूर से आई एक निजी पर्यटक बस पर भी दाऊद इब्राहिम का महिमामंडन करने वाले संदेश और स्टीकर मिले थे। उस समय बस में कोयंबटूर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के 48 विद्यार्थी सवार थे। विद्यार्थी उत्तर कन्नड़ जिले के दांडेली में शैक्षणिक भ्रमण के बाद लौट रहे थे। बस चिक्कमगलूरु जिले से गुजर रही थी। सूचना मिलने पर बसवनहल्ली थाना पुलिस ने इसे रोककर जांच की थी।

रियल क्रिमिनल डॉन जैसे संदेश लिखे मिले

बस पर 'बॉम्बे अंडरवर्ल्ड दाऊद द रियल डॉन', 'डी गैंग्स ऑफ मुंबई' और 'रियल क्रिमिनल डॉन' जैसे संदेश लिखे मिले थे। पुलिस ने बस जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। चालक ने बताया था कि उसे बस पर लगे संदेशों की जानकारी नहीं थी और वह केवल वाहन चला रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 197(1) के तहत बस चालक और कोयंबटूर निवासी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बस जब्त होने के बाद विद्यार्थियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई थी।

Updated on:
7 Nov 2026, 8:17 PM IST
Published on: