राष्ट्रीय

Kerala : शपथ ग्रहण से पहले कांग्रेस खेमे में हलचल, चेन्निथला का बड़ा बयान-‘हर दिग्गज को कैबिनेट में जगह मिलना नामुमकिन’

Kerala UDF Government: केरल विधानसभा चुनाव में यूडीएफ (UDF) की ऐतिहासिक जीत के बाद वी.डी. सतीशान मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने कहा कि जनता के इस शानदार जनादेश का सम्मान करते हुए राज्य में एक स्थिर और प्रभावी सरकार दी जाएगी।
2 min read
May 17, 2026
Senior Congress leader Ramesh Chennithala
केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला । ( फोटो: ANI )

Kerala Cabinet Structure: केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ने शानदार जीत दर्ज कर वाम लोकतांत्रिक मोर्चे के एक दशक लंबे शासन को उखाड़ फेंका है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार, 18 मई को सुबह 10 बजे लोक भवन में वी.डी. सतीशन केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

कैबिनेट मंत्रियों की सूची तैयार, राज्यपाल को सौंपी गई

समारोह से ठीक पहले रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मनोनीत मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान ने मंत्रियों की अंतिम सूची केरल के राज्यपाल को सौंप दी है। चेन्निथला ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में कई वरिष्ठ नेता हैं, इसलिए सभी को कैबिनेट में शामिल करना संभव नहीं है, लेकिन अधिक से अधिक योग्य चेहरों को मौका देने की कोशिश की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा, 'केरल की जनता ने जो शानदार जनादेश दिया है, उसका सम्मान किया जाएगा और हम राज्य को एक पारदर्शी व सुदृढ़ शासन देंगे।'

मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन पर बोले चेन्निथला

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए चेन्निथला ने कहा कि यह साझेदारी कोई नई नहीं है। पिछले चार दशकों (40 साल) से मुस्लिम लीग के साथ यूडीएफ का मजबूत गठबंधन रहा है और यह आगे भी मजबूती से बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछली एलडीएफ सरकार की तुलना में बेहतर प्रशासन देना उनकी प्राथमिकता है।

शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां

सोमवार को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मनोनीत मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने रविवार सुबह वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इस वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सोमवार सुबह 7 बजे से ही भारी वाहनों और सामान्य यातायात के रूट में बदलाव किया गया है, साथ ही आने वाले मेहमानों के लिए बड़े पार्किंग जोन बनाए गए हैं।




Updated on:
17 May 2026 07:55 pm
Published on:
17 May 2026 07:55 pm