राष्ट्रीय

कांग्रेस ऑबजर्वर अजय माकन ने बताई सतीशन के मुख्यमंत्री चुने जाने की वजह, कहा आज टीम पहुंचेगी केरलम

Keralam New CM VD Satheesan: वी डी सतीशन को केरलम कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने पर पार्टी ऑबजर्वर अजय माकन ने कहा कि एआईसीसी ने व्यापक चर्चा के बाद यह निर्णय लिया है। माकन ने बताया कि मुकुल वासनिक और दीपा दास मुंशी के साथ आज तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना होंगे।

2 min read
May 14, 2026
कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय माकन (फोटो- इंडिया गठबंधन एक्स पोस्ट)

Keralam New CM VD Satheesan: केरलम में कांग्रेस नेतृत्व को लेकर कई दिनों से चल रही राजनीतिक चर्चा पर आखिरकार विराम लग गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने गुरुवार को वी डी सतीशन को कांग्रेस विधायक दल का नेता घोषित कर दिया। इस फैसले के साथ ही उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। सतीशन को चुने जाने के सवाल पर जबाव देते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक अजय माकन ने कहा कि यह निर्णय सभी नेताओं और विधायकों से व्यापक चर्चा के बाद लिया गया है। पार्टी अब नई सरकार के गठन और प्रशासनिक औपचारिकताओं को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुट गई है।

ये भी पढ़ें

Patrika Explainer: कांग्रेस ने केरल के CM के लिए वीडी सतीशन के नाम का क्यों किया ऐलान?

तिरुवनंतपुरम के लिए टीम होगी रवाना

अजय माकन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी ने किसी भी निर्णय में जल्दबाजी नहीं की और सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही सतीशन के नाम पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि वह मुकुल वासनिक और दीपा दास मुंशी के साथ तिरुवनंतपुरम रवाना होंगे, जहां विधायक दल की बैठक के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दीपा दास मुंशी ने भी कहा कि पूरा संगठन हाईकमान के फैसले के साथ खडा है और सभी विधायक मिलकर सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढाएंगे। कांग्रेस के भीतर इस फैसले को एक संतुलित राजनीतिक कदम माना जा रहा है।

वी डी सतीशन ने के सी वेणुगोपाल को लेकर कही यह बात

केरल कांग्रेस का नेता चुने जाने के बाज वी डी सतीशन ने अपने पहले सार्वजनिक बयान में सामूहिक नेतृत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला जैसे वरिष्ठ नेताओं को पूरा सम्मान देंगे और हर निर्णय में सभी को साथ लेकर चलेंगे। सतीशन ने राहुल गांधी और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि सामूहिक विश्वास का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल टीमवर्क से ही नया केरलम बनाया जा सकता है। उनके बयान को संगठन में एकजुटता का संदेश माना जा रहा है।

आज ही होगा सरकार बनाने का दावा पेश

वी डी सतीशन ने स्पष्ट किया कि नई यूडीएफ सरकार के सामने सबसे बडी चुनौती राज्य की कमजोर आर्थिक स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि सरकार वित्तीय सुधार, विकास योजनाओं और प्रशासनिक पारदर्शिता पर ध्यान देगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक शाम को आयोजित होगी, जिसके बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। छह बार विधायक रह चुके सतीशन ने 2026 विधानसभा चुनाव में पारावुर सीट से लगातार जीत दर्ज की है। छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले सतीशन अब केरलम कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली चेहरों में गिने जा रहे हैं।

Published on:
14 May 2026 02:14 pm
Also Read
View All