
Ketan Agarwal Murder: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में नई जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा चार्जशीट की तैयारी के दौरान कई नए राज खुले हैं। पुणे पुलिस के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच सगाई के बाद करीब डेढ़ महीने तक बातचीत बंद हो गई थी, लेकिन बाद में फिर से संपर्क शुरू हो गया था। जांच में सामने आया कि इसी दौरान सिया और केतन की बाली प्री-वेडिंग ट्रिप और महाबलेश्वर बर्थडे ट्रिप की योजना से चेतन के मन में असुरक्षा की भावना पैदा हुई। पुलिस का दावा है कि इसी तनाव ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।
द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि सिया और चेतन का रिश्ता पिछले साल अक्टूबर के आसपास शुरू हुआ था। दोनों ने गोवा और राजस्थान की यात्राएं भी की थीं। फरवरी में सिया की केतन से सगाई होने के बाद कुछ समय दोनों के बीच संपर्क रुका, लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद मैसेजिंग एप और फोन कॉल के जरिए फिर बातचीत शुरू हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों ने शादी रुकवाने के लिए पहले केतन को घायल करने की योजना बनाई थी। बाद में यह योजना हत्या में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, चेतन की जलन बाली और महाबलेश्वर यात्राओं को लेकर बढ़ती गई।
चार्जशीट में पुलिस ने बताया कि अप्रैल तक दोनों केतन को रास्ते से हटाने के तरीकों पर चर्चा करने लगे थे। शुरुआत में स्थानीय बदमाशों की मदद लेकर हमला कराने की बात हुई और इसमें रितेश हांगे का नाम सामने आया। हालांकि, पुलिस ने बताया कि रितेश क्राइम सीन पर मौजूद नहीं था, लेकिन साजिश रचने में उसकी भूमिका के लिए उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि 6 जून को बाली जाने से पहले सिया ने केतन का पासपोर्ट खराब किया, जिससे यात्रा रद्द हुई। इसके बाद में लोहागढ़ किले को हत्या के लिए चुना गया। पुलिस के मुताबिक, 31 मई को सिया और केतन किले पर गए थे। सिया ने चेतन को इस बात की जानकारी दी थी। 14 जून को किले पर सिया ने केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं गिरा। इसके बाद 18 जून को चेतन की मदद से हत्या को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन के बीच हुई चैट चार्जशीट का प्रमुख आधार होगी। डिजिटल फोरेंसिक जांच में हत्या की योजना, तरीके और घटना वाले दिन के जुड़ी बातचीत मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों को घटना स्थल पर अलग-अलग ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट भी किया है। पुलिस के अनुसार, लोहागढ़ किले की CCTV फुटेज में चेतन दिखाई दिया, जिसने 33 से 34 डिग्री तापमान में सिर पर हुडी और हेडफोन पहने थे। पुलिस के अनुसार, उसने अपना फोन दुकान पर छोड़ा और घरेलू नौकर का मोबाइल लेकर किले तक गया। केतन को चट्टान से नीचे धक्का दे दिया गया और सिया ने पुलिस को फोन करके 'हादसे' में हुई मौत की सूचना दी। तीनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया है।