
इंडिगो फ्लाइट (फोटो-ANI)
IndiGo Flight Emergency Landing: अगरतला से दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान में मंगलवार को कार्गो सेक्शन से जुड़ी स्मोक वार्निंग का अलार्म बजने के बाद हड़कंप मच गया। विमान को एहतियात के तौर पर लखनऊ डायवर्ट किया गया, जहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 103 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6504 अगरतला से दिल्ली जा रही थी। लखनऊ एयरस्पेस से गुजरने के दौरान कॉकपिट में स्मोक वार्निंग इंडिकेशन का अलार्म बज उठा। अलार्म बजते ही पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। स्थिति को देखते हुए ATC ने विमान को प्राथमिकता के आधार पर लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने की व्यवस्था की।
ATC से सूचना मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। रनवे के आसपास एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात कर दी गईं। रेस्क्यू टीम के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया। इंडिगो का विमान शाम 6:29 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू को विमान से उतारा गया। विमान से सामान भी बाहर निकालकर जांच की जा रही है।
विमान को फिलहाल लखनऊ एयरपोर्ट पर रोक दिया गया है। स्मोक वार्निंग किस वजह से आई, इसकी जानकारी जुटाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ विमान की जांच कर रहे हैं। वहीं, यात्री भी जांच पूरी होने और आगे की उड़ान को लेकर एयरलाइन की सूचना का इंतजार कर रहे हैं। विमान को शाम करीब 7:05 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन तकनीकी चेतावनी के कारण यात्रा का शेड्यूल प्रभावित हो गया।
विमान के कार्गो सेक्शन में स्मोक अलार्म बजने का यह हालिया दूसरा मामला है। इससे पहले 3 सितंबर को वाराणसी से दिल्ली जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स-1253 में भी कार्गो सेक्शन से धुएं का अलार्म बजा था। इसके बाद विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। ताजा घटना में भी स्मोक वार्निंग इंडिकेशन मिलने के बाद अगरतला-दिल्ली फ्लाइट को एहतियात के तौर पर लखनऊ डायवर्ट किया गया।
Updated on:
15 Sept 2026 08:41 pm
Published on:
15 Sept 2026 08:41 pm
