राष्ट्रीय

VIDEO: लोहागढ़ की इस पहाड़ी से मारा गया था केतन को धक्का, स्पॉट के विजुअल्स आए सामने

Ketan Agrawal Death Case: केतन अग्रवाल मौत मामले में लोहागढ़ किले के उस जगह के वीडियो सामने आए हैं, जहां यह घटना हुई थी। पुलिस का दावा है कि यह हादसा सुनियोजित हत्या थी। मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
2 min read
Jun 24, 2026
Lohagad Fort Visuals
केतन अग्रवाल मौत मामले में लोहागढ़ किले के उस जगह के वीडियो सामने आए हैं, जहां यह घटना हुई थी। पुलिस का दावा है कि यह हादसा सुनियोजित हत्या थी। इस बीच मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी का ताजा बयान सामने आया है। (Photo-ANI)

Lohagad Fort Visuals: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मौत मामले में अब उस जगह के वीडियो सामने आए हैं, जहां यह पूरी घटना हुई थी। वीडियो में वह जगह साफ दिख रही है जहां से केतन की मंगेतर सिया और सिया के प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल को धक्का दिया था। वीडियो में लोहागढ़ किले की ऊंची पहाड़ी और उसके नीचे मौजूद गहरी खाई साफ नजर आ रही है। इस जगह को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां गिरने पर किसी का बचना कितना मुश्किल है। पुलिस का दावा है कि 18 जून को 26 साल के केतन अग्रवाल की इसी जगह से गिरने की वजह से मौत हुई थी।

हादसा नहीं मर्डर निकला

18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ घूमने के लिए लोहागढ़ किले पर गया था। घटना के बाद सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुरुआत में सभी ने इसे एक हादसा माना था। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी, कई ऐसी बातें सामने आईं जिनसे इस कहानी पर सवाल उठने लगे। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं है।

सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड से ऐसे खुला पूरा मामला

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लोहागढ़ किले और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। इसी दौरान एक युवक पुलिस के रडार पर आया, जो तेज गर्मी के बावजूद हुडी पहनकर घूम रहा था और अपना चेहरा छिपाने की कोशिश कर रहा था। जांच आगे बढ़ी तो उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि चेतन और सिया एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच करीब एक साल से संबंध थे। कॉल रिकॉर्ड, तकनीकी सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

परिवार का दावा- पहले से रची गई थी पूरी साजिश

केतन के परिवार का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं है। उनके अनुसार यह पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा था। परिवार का आरोप है कि सिया पहले भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुकी थी। वहीं, केतन की मां का कहना है कि सिया और उसके परिवार ने उनसे कई बातें छिपाकर रखीं। परिवार अब मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

Updated on:
02 Jul 2026 08:40 am
Published on:
24 Jun 2026 05:09 pm