
Lohagad Fort Murder Investigation: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच लगातार चल रही है। मामले में मुख्य आरोपी चेतन चौधरी और सिया गोयल से पूछताछ जारी है। अब इस केस में नया मो़ड़ सामने आया है और मामले में सिया और चेतन के अलावा एक और व्यक्ति पर पुलिस को शक हुआ है जो चेतन का क्लासमेट बताया जा रहा है। ऐसी खबर सामने आ रही है कि चेतन के क्लासमेट को पूरी साजिश की जानकारी थी। शक के आधार पर पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया संदिग्ध युवक बीड जिले का रहने वाला है और फिलहाल पुणे के बालेवाड़ी इलाके में स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह मई के आखिरी सप्ताह से लगातार मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के संपर्क में था। दोनों के बीच रेगुलर बातचीत हो रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की कथित साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और वह इस पूरे घटनाक्रम की कितनी जानकारी रखता था।
इस मामले में पुलिस को उस पर सबसे ज्यादा शक इसलिए हुआ क्योंकि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद चेतन चौधरी सबसे पहले इसी दोस्त से मिलने पहुंचा था। वारदात के बाद सह-आरोपी सिया गोयल भी लगातार उसके संपर्क में थी।
पुलिस के अनुसार चेतन और सिया के बयान मेल नहीं खा रहे हैं। दोनों अलग-अलग बातें बता रहे हैं और इस वजह से केस और उलझ गया है। इस वजह से पुलिस दोनों का पॉलोग्राफी टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि इस टेस्ट से दोनों के दावों की सच्चाई परखने में मदद मिलेगी। सिया ने टेस्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है और पुलिस बी अदालत से अनुमति लेने में जुटी है।
हाल ही में सिया गोयल की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सिया को उसके घर से पुलिस का साथख बाहर लाया जा रहा था और इसी दौरान उसने मीडिया की तरफ मिडिल फिंगर दिखाई। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर उसे ट्रोल कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि इसे अहंकारी बताया और वहीं कई लोग कह रहे हैं कि उसके चेहरे पर थोड़ा भी पछतावा नहीं है। साथ ही सिया का यह रवैया देख लोगों ने कड़ा कार्रवाई की मांग की।
आपको बता दें कि 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर 25 साल के केतन अग्रवाल की पहाड़ी से धक्का देकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस का आरोप है कि मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। मामले की जांच अभी जारी है।