
US-Iran deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते की घोषणा कर दी है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी नेवल ब्लॉकेड को खत्म कर देगा। उन्होंने इसे महीनों की बातचीत में सबसे बड़ी कामयाबी बताया है। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। सभी को बधाई!
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी टीवी का कहना है कि तेहरान ने अमेरिका को शांति समझौते के लिए मजबूर किया। व्हाइट हाउस ने तुरंत समझौते की जानकारी जारी नहीं की। इस शांति समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और पीएम शहबाज शरीफ का ट्रंप ने जिक्र नहीं किया, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस और चीन का शुक्रिया अदा किया। हालांकि, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जानकारी दी है कि शांति समझौते पर हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में होगा। उन्होंने शांति समझौते के प्रयास के लिए कतर, सऊदी अरब और तुर्की को भी शुक्रिया कहा।
कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल-थानी ने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष एक सकारात्मक और रचनात्मक भावना से जुड़ेंगे जो इस समझौते को मजबूत करने और इस पर आगे बढ़ने में मदद करेगा।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्ट्रामर ने अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले शांति समझौते को जरूरी कदम बताया है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष एंटोनियो गुटरेस ने शांति समझौते के लिए मध्यस्थ देशों पाकिस्तान, तुर्की और सऊदी अरब समेत अन्य देशों की तारीफ की। उन्होंने इसे जरूरी कदम बताया।