राष्ट्रीय

लखनऊ के बाद पटना में बड़ा हादसा, खान सर के कोचिंग में शॉर्ट सर्किट के बाद क्लासरूम छोड़कर भागे छात्र

पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान में गुरुवार को बिजली रूम में आग लगने से हड़कंप मच गया।
2 min read
Jun 25, 2026
Khan Sir Coaching Fire
खान सर के कोचिंग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग (फोटो सोर्स - वीडियो स्क्रीनशॉट/@INikhatAli)

Khan Sir Coaching Fire: बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार शाम मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग सेंटर में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी, जिससे परिसर में धुआं फैल गया। चिंगारी और धुआं देखते ही क्लास में मौजूद छात्र-छात्राएं घबराकर बाहर निकलने लगे। हालांकि, कोचिंग स्टाफ की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

शॉर्ट सर्किट के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोचिंग के अंदर बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद चिंगारियां निकलने लगीं। आग और धुआं फैलते ही छात्र 'कोचिंग में आग लग गई' कहते हुए क्लासरूम से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि किसी छात्र के घायल होने की सूचना नहीं है।

हाल ही में मिला था फायर सेफ्टी नोटिस

फायर सेफ्टी विभाग की ऑडिट टीम ने 7 जून और 23 जून को खान ग्लोबल स्टडीज और उससे जुड़े परिसर की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच की थी। जांच में कई कमियां सामने आने के बाद संस्थान को नोटिस जारी कर 7 से 10 दिनों के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए गए थे।

दो दिन पहले भी हुआ था निरीक्षण

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी पटना के कई कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया था। सिर्फ मुसल्लहपुर इलाके में 12 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण हुआ था, जहां कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां मिली थीं।

देशभर में चल रही है फायर सेफ्टी जांच

हाल ही में लखनऊ में लाइब्रेरी में आग लगने की घटना के बाद कई राज्यों में कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच तेज कर दी गई है। दिल्ली, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुछ जगहों पर कोचिंग संस्थानों को सील भी किया गया है। इस मामले में आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Updated on:
25 Jun 2026 09:54 pm
Published on:
25 Jun 2026 09:39 pm