
Rahul Gandhi: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। रिजिजू ने राहुल गांधी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी कार्यकर्ताओं से निस्वार्थ सेवा सीखने की अपील की है। उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन को 'ड्रामा' बताते हुए कहा कि इससे न तो लोकतंत्र मजबूत होगा और न ही कांग्रेस को राजनीतिक फायदा मिलेगा।
मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने दिल्ली में संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च किया। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। हालांकि, सुरक्षा बलों ने मार्च को रास्ते में रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी सांसदों ने वहीं धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर भी चढ़े। बाद में राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को लगातार निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र में जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए और अगर वह जनता का समर्थन हासिल नहीं कर पाती तो चुनाव आयोग पर आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला 2014 से लगातार चल रहा है और इसे अब बंद किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लेते हुए रिजिजू ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं से सीखना चाहिए, जो उनके मुताबिक अपने लिए नहीं बल्कि समाज और देश के लिए लगातार काम करते हैं। रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को भी जनता के बीच जाकर सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस लगातार लोगों के बीच काम करेगी तो जनता उस पर भरोसा करेगी, जबकि केवल सोशल मीडिया पर नैरेटिव बनाने से उसे फायदा नहीं होगा।
रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस से 'भारत विरोधी ताकतों' के नैरेटिव को बढ़ावा नहीं देने की अपील भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें भारत को कमजोर करने, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और नागरिकों को गुमराह करने की कोशिश करती हैं।