
LPG cylinder: देश भर में कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में कमी आई है। 1 दिसंबर यानी आज से यह बदलाव लागू हो गया है। कमर्शियल LPG सिलडेंर 10 रुपए सस्ते हो गए हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यापारिक संस्थान अपनी लागत को थोड़ा कम कर सकते हैं। नवंबर महीने में भी कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम घटे थे। उस महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 5 रुपए की कमी आई थी। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर अब 1580.50 रुपए का रह गया है। आज से पहले इसका दाम 1590.50 रुपए था। हालांकि सामान्य घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में एक बार फिर कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत में आखिरी बार 8 अप्रैल को बदलाव हुआ था। दिल्ली में इसकी कीमत आम उपभोक्ताओं के लिए यह 853 रुपए है।
वहीं, कोलकाता में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत अब घट कर 1684.00 रुपए हो गई है। मुंबई में कीमत घटकर 1531.50 रुपए हो गई है, जबकि चेन्नई में यह अब 1739.50 रुपए में मिलेगा। वहीं, नोएडा में कमर्शियल सिलेंडर 1580.50 रुपए, पटना में 1829 रुपए, लखनऊ में 1703 रुपए, शिमला में 1688.50 रुपए, देहरादून में 1638 रुपए, गुरुग्राम में 1597 रुपए और रांची में 1733 रुपए में मिल रहा है।
इस फाइनेंशियल ईयर में इससे पहले एक अक्टूबर को कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 15.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। उससे पहले लगातार छह महीने इसकी कीमतें घटी ही थीं। इस साल मार्च महीने के दौरान दिल्ली में इस सिलेंडर की कीमत 1803 रुपए थी, जो 1 अप्रैल को 1762 रुपए रह गई। 1 मई को इसमें फिर कटौती की गई और यह 1747.50 रुपए का रह गया। 1 जून को इसकी कीमत 1723.50 रुपए, 1 जुलाई को 1665 रुपए और 1 अगस्त को 1631.50 रुपए और एक सितंबर को 1680 रुपए थी। इस तरह 6 महीने में इसकी कीमत में 223 रुपए की कटौती की गई।