राष्ट्रीय

उदयनिधि स्टालिन को हाईकोर्ट से राहत, पुलिस को पूछताछ के बाद रिहा करने का निर्देश

Udhayanidhi Stalin Bail: मद्रास हाई कोर्ट ने मंगलवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वे DMK नेता और तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन से पूछताछ करने के बाद उन्हें रिहा कर दें। उन पर सोमवार को एक रैली में एक महिला अभिनेत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
2 min read
Udhayanidhi Stalin Bail
अभिनेत्री पर कथित टिप्पणी मामले में उदयनिधि स्टालिन को हाईकोर्ट से राहत, photo source@ANI

Udhayanidhi Stalin Bail:मद्रास हाई कोर्ट ने मंगलवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह DMK नेता और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन से पूछताछ करने के बाद उन्हें रिहा कर दे। अदालत ने यह आदेश उदयनिधि स्टालिन की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। यह याचिका उनके कथित बयान को लेकर दर्ज मामले के संबंध में दायर की गई थी।

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेता उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को हिरासत में लिया गया। उन पर सोमवार को एक रैली के दौरान एक महिला अभिनेत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

यह है पूरा मामला

तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके (TVK) ने आरोप लगाया है कि उदयनिधि स्टालिन ने लोकप्रिय अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसी मामले में उन्होंने मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। उन पर 3 अगस्त को तंजावुर में आयोजित एक रैली के दौरान महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

मंगलवार को पुलिस ने तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई के नीलांकरई स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया और पुलिस बस में ले गई। इस बीच, कोयंबटूर में 'तमिलगा वेट्री कड़गम' (TVK) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

तंजावुर की रैली में उदयनिधि ये बोले

पूरा विवाद तंजावुर में आयोजित कावेरी जल विवाद से जुड़ी एक रैली के दौरान शुरू हुआ। उदयनिधि स्टालिन मंच से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की नीतियों और इस मुद्दे पर उनकी चुप्पी पर निशाना साध रहे थे। उन्होंने कहा कि कावेरी का एक बूंद पानी भी राज्य को नहीं मिला, फिर भी मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं और केवल DMK के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने में लगे हैं।

उदयनिधि के भाषण के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अभिनेत्री त्रिशा का नाम लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर उदयनिधि ने मुस्कुराते हुए एक टिप्पणी कर दी, जिसे सोशल मीडिया पर विजय और त्रिशा से जुड़ी पुरानी अफवाहों से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उदयनिधि ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी का संबंध केवल कावेरी नदी के पानी से था।

TVK ने बताया 'सस्ती राजनीति'

उदयनिधि के बयान का वीडियो वायरल होते ही विपक्षी दलों ने उन पर हमला बोल दिया। TVK विधायक रेवंत चरण ने इस टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक और असभ्य बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कावेरी रैली में अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिलने की बौखलाहट में DMK सस्ती और उकसावे वाली राजनीति का सहारा ले रही है। उनका कहना था कि इस तरह का अहंकार और अभद्र रवैया द्रमुक की जनस्वीकृति को और कमजोर करेगा।

Updated on:
04 Aug 2026 03:43 pm
Published on:
04 Aug 2026 02:49 pm