
Maharashtra Auto Rickshaw Strike: महाराष्ट्र में सोमवार (23 नवंबर) को ऑटो रिक्शा बंद आंदोलन का ऐलान किया गया है। रैपिडो की बाइक टैक्सी सेवा के विरोध में राज्यभर के ऑटो रिक्शा चालक आंदोलन करेंगे। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) सहित कई ऑटो रिक्शा संगठनों ने इस आंदोलन को समर्थन दिया है। ऐसे में मुंबई, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर समेत कई शहरों में ऑटो रिक्शा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। आंदोलन की मुख्य वजह रैपिडो के माध्यम से चल रही बाइक टैक्सी सेवा है।
ऑटो रिक्शा संगठनों का आरोप है कि महाराष्ट्र में इस तरह की यात्री परिवहन सेवा के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई है और नियमों का पालन भी नहीं हो रहा है। संगठनों ने बाइक टैक्सी चालकों के दस्तावेज, वाहन पंजीकरण, बैज और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और विभिन्न ऑटो रिक्शा संगठनों ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की। इसमें सेना के अध्यक्ष संजय नाईक ने कहा कि राज्य के कई शहरों में रैपिडो के माध्यम से बाइक पर यात्रियों को लाने-ले जाने का काम हो रहा है, जबकि इसके लिए जरूरी अनुमति नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पहले भी परिवहन आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। इसी के विरोध में ऑटो रिक्शा पंचायत समिति के अध्यक्ष बाबा कांबले ने 23 नवंबर को पूरे महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा बंद आंदोलन का आह्वान किया है। मनसे सहित कई ऑटो रिक्शा संगठनों ने इसका समर्थन किया है।
संजय नाईक ने कहा कि यात्री परिवहन करने वाले वाहन चालकों के पास नियमानुसार बैज होना जरूरी है। इसके अलावा यात्री परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के लिए पीली नंबर प्लेट का नियम है। उनका आरोप है कि रैपिडो की बाइक टैक्सी सेवा में इन नियमों का पालन नहीं हो रहा है। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। ऑटो रिक्शा संगठनों का कहना है कि बाइक टैक्सी सेवा से पारंपरिक ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के कारोबार पर असर पड़ रहा है। नाईक ने मुंबई की टैक्सी सेवा का उदाहरण देते हुए कहा कि पारंपरिक टैक्सियों के लिए कार्यक्षेत्र की सीमाएं तय हैं, जबकि रैपिडो के माध्यम से मुंबई से पुणे तक की यात्रा भी बुक की जा सकती है।
आंदोलन के दिन अलग-अलग जिलों में जिलाधिकारियों और परिवहन आयुक्त को ज्ञापन सौंपने की योजना है। ऑटो रिक्शा संगठनों की मांग है कि बिना जरूरी अनुमति और दस्तावेजों के चल रही बाइक टैक्सी सेवा पर कार्रवाई की जाए और इसे बंद कराया जाए। संजय नाईक का कहना है कि इस मामले को परिवहन आयुक्त, जिलाधिकारियों और परिवहन मंत्री के सामने भी उठाया गया, लेकिन अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। इसी वजह से संगठनों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
सोमवार को होने वाले आंदोलन का असर रोजाना ऑटो रिक्शा से सफर करने वाले लोगों पर पड़ सकता है। खासकर नौकरीपेशा लोगों और जरूरी कामों से घर से निकलने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, अलग-अलग शहरों में ऑटो रिक्शा सेवाएं कितनी प्रभावित होंगी, यह आंदोलन में शामिल होने वाले चालकों की संख्या पर निर्भर करेगा। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले स्थानीय परिवहन की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए।