Maharashtra Election: मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा ये महाराष्ट्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। हमें इस प्रदेश को बदलना है और चोरी से बनी हुई सरकार को हटाना है। ये जनता द्वारा चुनी हुई सरकार नहीं है।
Maharashtra Elections: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने आरएसएस के गढ़ नागपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा ये महाराष्ट्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। हमें इस प्रदेश को बदलना है और चोरी से बनी हुई सरकार को हटाना है। ये जनता द्वारा चुनी हुई सरकार नहीं है। ये सरकार लोगों को डराकर-धमकाकर बनाई गई है। इस सरकार के नेता-मंत्री बीजेपी से डरते हैं, इसीलिए बीजेपी भी इन नेताओं को गुलाम बनाकर रखने की कोशिश करती है। यहां अच्छी सरकार बनेगी तो आपका स्वाभिमान और मजबूत होगा। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा बीजेपी के नेता कहते हैं - 'बंटेंगे तो कटेंगे'। आप ही देश को बांटने पर लगे हैं। देश के दलित, आदिवासी, पिछड़े लोग किसी को बांटना नहीं चाहते। वे सिर्फ एक अच्छी और मजबूत सरकार चाहते हैं, जो उनका भला कर सके। अगर BJP-RSS के हाथ में फिर से सत्ता आ गई तो ये फिर से लोगों को बांटने का काम करेंगे। उन्होंने कहा बाबासाहेब अंबेडकर और पंडित नेहरू ने देश के लिए जो संविधान बनाया, वो सबके लिए है। बाबासाहेब ने कहा था कि हमें संविधान की रक्षा करनी है, देश की एकता को बनाए रखना है। अगर इस एकता को तोड़ने की कोशिश की गई तो हम फिर से गुलामी में चले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कहा- 'सबका साथ, सबका विकास', लेकिन उन्होंने सिर्फ 2-4 लोगों का विकास किया, बाकी सबका सत्यानाश कर दिया। मोदी सरकार ने नोटबंदी कर गरीबों को बर्बाद कर दिया। वहीं अमीरों ने कॉपरेटिव बैंक में पैसे बदलकर खुद को बचा लिया। इस सरकार ने किसानों के लिए कभी कुछ नहीं किया। सोयाबीन की 4,892 रुपए MSP है, लेकिन वो बाजार में 3,500 रुपए की बिक रही है। ऐसे में सरकार किसानों की मदद क्यों नहीं कर रही? कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा महाराष्ट्र में जो भी प्रगति हुई, उसमें कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान है। HMT, HAL, BEL, BHEL जैसी पुणे, मुंबई में कई इंडस्ट्रीज लगीं। खुद BJP ने नागपुर और मुंबई में लगने वाले प्लांट्स को गुजरात भेज दिया और हम से 70 साल का हिसाब मांगते हैं। आज नरेंद्र मोदी जिस संविधान और लोकतंत्र की वजह से प्रधानमंत्री हैं, वो भी कांग्रेस की देन है। क्योंकि हमने संविधान का पालन किया और देश में लोकतंत्र को स्थापित किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा मणिपुर हिंसा की आग में जल रहा है। नरेंद्र मोदी देश-विदेश घूम रहे हैं, लेकिन मणिपुर नहीं जा रहे। जब राहुल गांधी जी मणिपुर जा सकते हैं, तो आप क्यों नहीं जा सकते? गृहमंत्री अमित शाह यहां प्रचार करने के लिए आए थे, लेकिन वे अपना सामान समेटकर नागपुर से चले गए। बताया गया कि मणिपुर में हिंसा हो गई, इसलिए जाना पड़ा। सच्चाई ये है कि आपने नागपुर में BJP के खिलाफ माहौल देख लिया, इसलिए यहां से निकलना बेहतर समझा।