
Domino's Pizza News: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों के गंभीर उल्लंघन पर डोमिनोज पिज्जा के पांच आउटलेट के फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार पुणे और कोल्हापुर में हुई जांच के दौरान खाद्य सामग्री रखने और तैयार करने वाली जगहों पर जिंदा कॉकरोच और मरे हुए कॉकरोच के अवशेष मिले। ये आउटलेट जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड संचालित करती है, जो भारत में डोमिनोज पिज्जा का कारोबार संभालती है। FDA अधिकारियों ने इस सप्ताह की शुरुआत में पुणे डिवीजन में डोमिनोज के 50 से अधिक आउटलेट का निरीक्षण किया था। इस दौरान भोजन तैयार करने, रखने और परोसने के तरीकों के साथ साफ-सफाई में भी कई खामियां सामने आईं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिन आउटलेट के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं, वे पुणे के वारजे और हिंगणे खुर्द, पुणे जिले के चाकण तथा कोल्हापुर के राजारामपुरी और ए वार्ड में स्थित हैं। अलग-अलग आउटलेट के लाइसेंस 14 और 15 अक्टूबर को निलंबित किए गए। जांच के दौरान खाद्य सामग्री रखने और तैयार करने के स्थानों पर कॉकरोच मिलने के अलावा कई अन्य कमियां भी दर्ज की गईं। इनमें शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को संभालने के लिए उचित उपकरणों की कमी, तापमान से जुड़े रिकॉर्ड अधूरे होना और साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं करना शामिल है।
FDA की जांच में खाद्य सामग्री को अनुचित तरीके से रखने और डाइनिंग एरिया में दुर्गंध की शिकायत भी सामने आई। खाद्य वितरण से जुड़े कुछ कर्मचारियों के पास निर्धारित पहचान डॉक्यूमेंट नहीं पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, मोटरसाइकिलों पर लगे डिलीवरी बॉक्स सड़क किनारे खुले छोड़ दिए गए थे। इसके अलावा, पिज्जा बेस तैयार करने वाली जगहों पर खाद्य कचरा जमा मिला। इन खामियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर लापरवाही के तौर पर देखा गया।
महाराष्ट्र में FDA ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इसके तहत होटल, रेस्तरां, खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों और ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। यह अभियान FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे की निगरानी में चल रहा है।