राष्ट्रीय

Maharashtra politics: लगातार तीन बार विधायक रहे प्रकाश सोलंके नहीं लड़ेंगे अगला चुनाव, भतीजे को सौंपेंगे विरासत

Prakash Solanke: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और माजलगांव के विधायक प्रकाश सोलंके ने आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने अपनी जगह भतीजे जयसिंग सोलंके को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 8:22 PM IST
Prakash Solanke
विधायक प्रकाश सोलंके। फाइल फोटो- पत्रिका

बीड। महाराष्ट्र के माजलगांव से राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक प्रकाश सोलंके ने आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने अपनी जगह भतीजे जयसिंग सोलंके को चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा की है। एक विकास कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में की गई इस घोषणा के बाद माजलगांव की राजनीति में नए नेतृत्व और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। प्रकाश सोलंके ने साफ कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वे खुद उम्मीदवार के रूप में जनता के सामने नहीं आएंगे। उनकी जगह जयसिंग सोलंके को पार्टी की ओर से टिकट दिया जाएगा।

जनता से की अपील

उन्होंने जनता से अपील की कि जिस तरह अब तक उन्हें समर्थन और आशीर्वाद मिलता रहा है, उसी तरह जयसिंग का भी साथ दें। उन्होंने कहा कि मैं उम्मीदवार के रूप में आपके सामने नहीं आऊंगा। जयसिंग को हमारी ओर से उम्मीदवारी दी जाएगी। आपने जिस तरह मुझे प्यार दिया और मतदान के रूप में अपना आशीर्वाद दिया, उसी तरह उनका भी साथ दें। प्रकाश सोलंके के इस फैसले को माजलगांव की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

पिता थे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

उनके पिता सुंदरराव सोलंके महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। प्रकाश सोलंके ने राजनीति की शुरुआत स्थानीय निकायों से की। पंचायत समिति और जिला परिषद में काम करने के बाद उन्होंने विधानसभा की राजनीति में कदम रखा। उनका राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू हुआ था। बाद में 1999 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2004 में भी वे भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। 2009 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस में प्रवेश किया और चुनाव जीतकर मंत्री बने।

2014 में मिली थी हार

2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2019 और 2024 के चुनाव में उन्होंने वापसी करते हुए लगातार जीत दर्ज की। अब चुनावी राजनीति से हटने के उनके फैसले के बाद माजलगांव में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है। जयसिंग सोलंके को आगे करने का फैसला कितना असरदार साबित होगा और क्या उन्हें प्रकाश सोलंके जैसा जनसमर्थन मिल पाएगा, यह आने वाले चुनाव में साफ होगा।

Updated on:
15 Nov 2026, 8:22 PM IST
Published on: