
Mahua Moitra Attack: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने काफिले पर हमले का आरोप लगाया है। घटना नदिया जिले के कालीगंज इलाके की बताई जा रही है। महुआ का दावा है कि जब वह गोबरा ग्राम पंचायत में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, तब 80-90 बीजेपी कार्यकर्ता वहां अंडे लेकर पहले से मौजूद थे। उन्होंने काफिले पर अंडे फेंकने, गाड़ी को निशाना बनाने और 'गो बैक' के नारे लगाने का आरोप लगाया है। महुआ ने पुलिस पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भीड़ जुटने की जानकारी पहले ही पुलिस को दे दी गई थी, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना नदिया जिले के कालीगंज इलाके की है। TMC सांसद महुआ मोइत्रा गोबरा ग्राम पंचायत में पहले से तय एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। उनका आरोप है कि जैसे ही उनका काफिला वहां पहुंचा, 80 से 90 बीजेपी कार्यकर्ता रास्ते में अंडे लेकर तैयार खड़े थे। जैसे ही सांसद की गाड़ियां वहां से गुजरी, भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी और काफिले पर अंडे फेंकने लगे।
घटना से पहले महुआ मोइत्रा ने एक वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन को आगाह किया था। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की जानकारी पुलिस को तीन-चार दिन पहले ही दे दी गई थी। महुआ ने आरोप लगाया, 'मुझे पहले से खबर मिल गई थी कि बीजेपी के 80-90 लोग अंडे लेकर मेरा रास्ता रोकने के लिए खड़े हैं। मैंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने भीड़ को वहां इकट्ठा होने दिया और मेरी गाड़ियों पर हमला होने दिया।'
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस और राज्य के डीजीपी (DGP) को सीधे तौर पर टैग किया। उन्होंने याद दिलाया कि कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य पुलिस की ही है। महुआ का कहना है कि जब पुलिस सुरक्षा के साथ काफिला चल रहा था, तब भी उपद्रवियों को हमला करने की छूट कैसे मिल गई? उनका साफ कहना है कि अगर उन्हें कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।