
Diwali Eid Controversy: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘दिवाली खुशियों की ईद है, कई दिनों तक चलने वाली ईद है’ वाले बयान पर सियासी घमासान तेज हो गआ है। इसको लेकर बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे हिंदू त्योहारों की पहचान बदलने और तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि खरगे के बयान से करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि क्या अब कांग्रेस पार्टी का चरित्र और DNA हिंदू त्योहारों की पहचान बदलने का हो गया है? उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस का यह नजरिया सही है, तो इस बार ईद के मौके पर उन्हें भी कहना चाहिए- 'ये खुशियों की दिवाली आ गई।'
इस दौरान बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बकरीद का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रदूषण के मुद्दे पर कथित दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब मुस्लिम समुदाय बकरीद मनाता है, तब बकरों की कुर्बानी दी जाती है। इससे निकलने वाला खून पानी में मिलकर जल प्रदूषण का कारण बनता है, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलता।
गौरव भाटिया ने बॉलीवुड हस्तियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिवाली आते ही कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण को लेकर चिंता जताने लगते हैं, लेकिन अन्य अवसरों पर होने वाले प्रदूषण पर उनकी आवाज सुनाई नहीं देती।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राशिद अल्वी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बॉलीवुड हस्तियों को समझाना चाहिए कि वायु प्रदूषण हो, जल प्रदूषण हो या ध्वनि प्रदूषण, हर तरह का प्रदूषण नुकसानदायक है। किसी एक त्योहार या समुदाय से जुड़े मुद्दे पर ही आवाज उठाना उचित नहीं है।
भाटिया ने इसे चयनात्मक विरोध बताते हुए कहा कि प्रदूषण के मुद्दे पर सभी को समान रूप से चिंता करनी चाहिए। किसी खास त्योहार के दौरान ही प्रदूषण का मुद्दा उठाना और दूसरे मौकों पर चुप रहना दोहरे रवैये को दर्शाता है।