
Shaheen Baag Row: दिल्ली के शाहीन बाग में अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ भारी बवाल चल रहा है। एमसीडी का बुलडोजर और पुलिस के जवान शाहीन बाग में अतिक्रमण हटवाने के लिए पहुंच चुके हैं। लेकिन कांग्रेस के साथ-साथ स्थानीय लोग इस अभियान का विरोध कर रहे हैं। सड़कों पर भारी भीड़ जमा है। भीषण गर्मी के बाद भी लोग बुलडोजर के सामने बैठकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
लोगों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए एमसीडी के अधिकारी और जवान लगातार लोगों से शांति-व्यवस्था की अपील कर रहे हैं। लेकिन कुछ स्थानीय नेता और लोग यह कहते हुए विरोध जता रहे हैं कि दुकान और मकान पर बुलडोजर चलाने से पहले उनपर बुलडोजर चलाना होगा। इस बीच विरोध कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर अतिक्रमण हाटने का काम शुरू हो गया है। विरोध कर रही कई महिलाओं और लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पहले अधिकारियों ने किया था सर्वे, अब पहुंचा बुलडोजर
दिल्ली पुलिस के जवान भारी संख्या में यहां मौजूद है। प्रशासनिक स्तर से बताया गया कि शाहीन बाग के अतिक्रमण को लेकर एमसीडी के अधिकारियों ने बीते दिनों सर्वे किया था। एसडीएमसी अधिकारियों का कहना है कि नगर पालिका अपना काम करेगा। हमारे वर्कर और अधिकारी तैयार हैं। तुगलकाबाद, संगम विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी या शाहीन बाग में जहां भी अतिक्रमण है वहां बुलडोजर चलाया जाएगा।
भाजपा के इशारे पर चल रहा बुलडोजरः कांग्रेस
दूसरी ओर अतिक्रमण हटाने के अभियान का विरोध कर रहे कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि यह सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है। यहां कोई अतिक्रमण नहीं है। बावजूद लोगों को परेशान किया जा रहा है। दूसरी ओर अतिक्रमण हटाए जाने के अभियान के विरोध में आप के विधायक अमानतुल्लाह सुप्रीम कोर्ट का रूख कर चुके हैं। अब देखना है कि लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बीच एमसीडी शाहीन बाग से अतिक्रमण हटवा पाता या नहीं।