मीडिल ईस्ट में जारी तनाव (Middle East Tension) के बीच भारत सरकार ने LPG, PNG और CNG की सप्लाई को लेकर बड़ा बड़ा दावा किया है। सरकार ने अश्वस्त किया है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
मीडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने बड़ा दावा किया है। केंद्र सरकार ने बुधवार को स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और LPG की सप्लाई के लिए घबराने की जरूरत नहीं है। उद्योगों की गतिविधियां जारी रखने और सप्लाई चेन को स्थिर रखने के लिए केंद्र सरकार का उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) लगातार काम कर रहा है।
ये भी पढ़ें
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि देश में घरेलू LPG, PNG और CNG की 100 प्रतिशत सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। 23 मार्च 2026 से अब तक 20 लाख से ज्यादा 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर (FTL) बेचे जा चुके हैं, जो खासकर प्रवासी मजदूरों के लिए राहत का काम कर रहे हैं। सरकार ने इन सिलेंडरों की सप्लाई भी दोगुनी कर दी है, ताकि जरूरतमंदों तक आसानी से गैस पहुंच सके।
सरकार ने स्पष्ट किया कि PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) के विस्तार पर भी तेजी से काम हो रहा है। मार्च 2026 से अब तक करीब 5.10 लाख नए कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं और 2.56 लाख अतिरिक्त कनेक्शन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। इसके अलावा, 5.77 लाख लोग नए कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि LPG और अन्य ईंधनों की सप्लाई बनाए रखने के लिए अस्थायी राहत भी दी गई है। केरोसिन स्टोरेज की सीमा बढ़ाई गई, LPG अनलोडिंग को आसान बनाया गया और LNG फिलिंग के लिए नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। सरकार ने यह भी बताया कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी में 94 प्रतिशत तक DAC सिस्टम लागू हो चुका है, जिससे गड़बड़ी और कालाबाजारी पर रोक लगेगी।
सरकार कंपनियों के साथ मिलकर लोगों को PNG अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। कई कंपनियां नए कनेक्शन पर ऑफर भी दे रही हैं। साथ ही राज्यों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया को तेज करें। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल या गैस की घबराहट में खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही, वैकल्पिक ईंधनों जैसे PNG और इलेक्ट्रिक कुकटॉप्स के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सरकार ने विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और उन्हें वापस लाने के लिए भी बड़े स्तर पर तैयारी की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 28 फरवरी से अब तक करीब 11.91 लाख यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। सरकार ने विभिन्न देशों में हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम बनाए हैं, जो 24 घंटे काम कर रहे हैं। भारतीय दूतावास लगातार वहां रह रहे लोगों से संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव मदद दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर लोगों को अन्य रास्तों से सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था भी की जा रही है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि समुद्री सुरक्षा को लेकर भी सरकार सतर्क है। भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। भारतीय झंडे वाला तेल टैंकर 'देश गरिमा' सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है और आज मुंबई पहुंचने की उम्मीद है, जिसमें 31 भारतीय नाविक सवार हैं।