राष्ट्रीय

Tamil Nadu Politics: ‘TVK पार्टी BJP की जेरॉक्स कॉपी है’, थलापति विजय पर बरसे डीएमके चीफ एमके स्टालिन

MK Stalin on TVK Vijay Thalapathy: तमिलनाडु में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने थलापति विजय की पार्टी TVK को BJP की जेरॉक्स कॉपी बताया है। उन्होंने महिला सुरक्षा, TVK कार्यकर्ताओं और AIADMK विधायकों को लेकर भी कई आरोप लगाए हैं।

2 min read
Jun 13, 2026
MK Stalin Slams Thalapathy Vijay TVK Xerox Copy BJP
MK Stalin on TVK: डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने थलापति विजय की पार्टी TVK को भाजपा की जेरॉक्स कॉपी बताया है। (फाइल फोटो - आईएएनएस)

MK Stalin Slams Thalapathy Vijay TVK Xerox Copy BJP: तमिलनाडु की राजनीति में डीएमके और अभिनेता-राजनेता थलापति विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। डीएमके अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विजय और उनकी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि टीवीके भाजपा की 'जेरॉक्स कॉपी' है। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में विजय वही कर रहे हैं जो भाजपा दूसरे राज्यों में करती है।

चेन्नई में पार्टी की महिला विंग और स्वयंसेवकों की सलाहकार बैठक को संबोधित करते हुए स्टालिन ने दावा किया कि तमिलनाडु में टीवीके को वोट देने वाले कई मतदाता अब सोच रहे हैं कि उन्होंने पार्टी को वोट क्यों दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में श्रीवैकुंडम में टीवीके के एक कार्यकर्ता पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं।

महिला सुरक्षा को लेकर विजय पर साधा निशाना

एमके स्टालिन ने कहा कि चुनाव के दौरान विजय ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि टीवीके कार्यकर्ता महिलाओं की रक्षा करेंगे, लेकिन अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं पर ही यौन अपराधों में शामिल होने के आरोप लग रहे हैं।

स्टालिन ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय विजय कहते थे कि टीवीके कार्यकर्ता महिलाओं की सुरक्षा करेंगे लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि महिलाओं को टीवीके कार्यकर्ताओं से ही बचाने की जरूरत पड़ रही है।

AIADMK विधायकों को लेकर भी किया हमला

डीएमके प्रमुख ने विजय पर एआईएडीएमके विधायकों को अपनी पार्टी में लाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विजय को अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं है। स्टालिन ने आरोप लगाया कि विजय AIADMK विधायकों को अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रहे हैं।

स्टालिन ने कहा कि दूसरे राज्यों में भाजपा जो करती है तमिलनाडु में विजय भी वही कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से टीवीके भाजपा की जेरॉक्स कॉपी है।

कार्यकर्ताओं से लोगों तक संदेश पहुंचाने की अपील

अपने संबोधन के दौरान स्टालिन ने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से डीएमके की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डीएमके का एक लंबा इतिहास और स्पष्ट विचारधारा है। अगर लोग पार्टी के बारे में सही जानकारी जानेंगे तो वे जरूर उसका समर्थन करेंगे।

स्टालिन ने कहा कि डीएमके एक विचार और ज्ञान आधारित आंदोलन है और सभी कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाने के लिए मेहनत करनी चाहिए।

Updated on:
13 Jun 2026 04:28 pm
Published on:
13 Jun 2026 04:21 pm