राष्ट्रीय

Mobile Users In India: मोबाइल डेटा खपत में भारत दुनिया में नंबर-1, हर स्मार्टफोन यूजर खर्च कर रहा 37GB डेटा प्रति माह

Indian Mobile Users: एरिक्सन मोबिलिटी रिपोर्ट 2026 के अनुसार भारत मोबाइल डेटा खपत में दुनिया में सबसे आगे है। देश में एक औसत स्मार्टफोन यूजर हर महीने 37GB डेटा खर्च कर रहा है। 5G विस्तार, सस्ते डेटा प्लान और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती मांग से 2031 तक यह खपत 70GB प्रति माह पहुंच सकती है।

2 min read
Jun 22, 2026
Mobile Users
Mobile Users: भारत में स्मार्टफोन यूजर्स(एआई फोटो-चैटजीपीटी)

Mobile Users: भारत में मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल तेज़ी से बढ़ रहा है और देश दुनिया के सबसे बड़े डेटा उपभोक्ता बाजारों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। एरिक्सन मोबिलिटी की जून 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में एक औसत स्मार्टफोन उपयोगकर्ता हर महीने लगभग 37 जीबी मोबाइल डेटा खर्च कर रहा है। यह आंकड़ा दुनिया में सबसे अधिक है और बताता है कि भारतीय यूजर्स डिजिटल सेवाओं पर कितनी तेजी से निर्भर हो रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी अनुमान जताया गया है कि भारत में प्रति स्मार्टफोन मासिक डेटा खपत 2031 तक बढ़कर 70 जीबी तक पहुंच सकती है, यानी आने वाले वर्षों में डेटा उपयोग लगभग दोगुना हो सकता है।

जानें डिटेल्स


रिपोर्ट के अनुसार, मोबाइल डेटा खपत के मामले में भारत अब उन अग्रणी बाजारों में शामिल हो चुका है, जहां डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट उपयोग सबसे तेजी से बढ़ रहा है। भारत के साथ चीन, खाड़ी देश और उत्तर अमेरिका भी इस सूची में प्रमुख हैं, लेकिन प्रति स्मार्टफोन डेटा उपयोग के मामले में भारत सबसे आगे है। इसकी सबसे बड़ी वजह देश में उपलब्ध सस्ते डेटा प्लान, मोबाइल इंटरनेट की आसान पहुंच और तेजी से फैलता 5जी नेटवर्क है।

डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा


भारत में यूट्यूब, ओटीटी प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और एआइ आधारित डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। लोग अब सिर्फ चैटिंग या सामान्य ब्राउजिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हाई-क्वालिटी वीडियो स्ट्रीमिंग, लाइव कंटेंट, क्लाउड गेमिंग, ऑनलाइन मीटिंग्स और एआइ टूल्स का भी अधिक उपयोग कर रहे हैं। इन सभी कारणों से प्रति यूजर डेटा खपत में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासतौर पर 5जी नेटवर्क के विस्तार ने डेटा उपयोग के पैटर्न को बदल दिया है, क्योंकि तेज स्पीड और बेहतर नेटवर्क क्वालिटी मिलने से यूजर्स पहले की तुलना में कहीं ज्यादा समय ऑनलाइन बिता रहे हैं।

5जी उपयोगकर्ता ज्यादा


रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत में 5जी उपयोगकर्ता 4जी ग्राहकों की तुलना में कई गुना अधिक डेटा का इस्तेमाल कर रहे हैं। वर्ष 2025 के अंत तक देश में लगभग 43 करोड़ 5जी सब्सक्राइबर थे। अनुमान है कि 2031 तक यह संख्या बढ़कर 1.1 अरब तक पहुंच सकती है। यह बढ़ोतरी केवल नेटवर्क विस्तार का संकेत नहीं है, बल्कि इस बात का भी प्रमाण है कि भारत का डिजिटल इकोसिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है और बड़ी आबादी तेजी से नई तकनीक को अपना रही है।

प्रति व्यक्ति प्रतिमाह औसतन 30 जीबी डेटा खपत


अगर दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों की तुलना करें तो भारत का आंकड़ा सबसे ऊपर है। खाड़ी देशों में प्रति व्यक्ति प्रतिमाह औसतन 30 जीबी डेटा खपत होती है, जबकि उत्तर अमेरिका और पश्चिमी यूरोप में यह 25 जीबी है। चीन सहित नॉर्थ ईस्ट एशिया में यह 23 जीबी और मध्य एवं पूर्वी यूरोप में 22 जीबी प्रतिमाह है। वहीं वैश्विक औसत 21 जीबी प्रति माह दर्ज किया गया है। इन सभी आंकड़ों की तुलना में भारत का 37 जीबी प्रति स्मार्टफोन डेटा उपयोग काफी आगे है।

Published on:
22 Jun 2026 04:16 am