राष्ट्रीय

परिसीमन पर मोदी सरकार का बड़ा सियासी दांव: कभी विरोध में खड़े DMK और शरद पवार अब साथ, 8 महीने में कैसे बदले समीकरण?

Parliament Special Session Delimitation: मोदी सरकार एक बार फिर परिसीमन विधेयक संसद में पेश करने की तैयारी में है। इस बीच डीएमके और शरद पवार की पार्टी के समर्थन से सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। आखिर बीजेपी ने इन दलों को कैसे मनाया? जानिए पूरी राजनीतिक रणनीति।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 8:06 AM IST
Narendra Modi and Sharad Pawar
परिसीमन बिल पर सरकार को शरद पवार की पार्टी ने दिया समर्थन (Photo-IANS)

Modi Government Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र के दौरान मोदी सरकार द्वारा परिसीमन बिल को पेश किया जाएगा। इससे पहले इसको लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इससे पहले सरकार ने अप्रैल 2026 में लोक सभा में पेश किया था, लेकिन दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पास नहीं हो पाया। सरकार एक बार फिर से इसे सदन में ला रही है। हालांकि अब सरकार को उम्मीद है कि यह विधेयक पास हो जाएगा।

54 वोटों से गिरा था विधेयक

अप्रैल में परिसीमन विधेयक लोक सभा में 54 वोटों से गिर गया था। यह मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में पहली बार था, जब उसका कोई सरकारी विधेयक संसद में पारित नहीं हो सका। लेकिन बीते आठ महीनों में राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदलीं और सरकार ने अपने विरोधियों को साथ लाने के लिए पर्दे के पीछे लंबी राजनीतिक कवायद की।

इन सभी बातों में खास बात यह है कि अप्रैल में सरकार के विधेयक को गिराने में अहम भूमिका निभाने वाले डीएमके (DMK) और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) अब इसके समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प सवाल यही है कि आखिर बीजेपी ने डीएमके और शरद पवार को अपने पक्ष में कैसे किया?

तमिलनाडु चुनाव से पहले डीएमके ने ठुकराया था प्रस्ताव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोदी सरकार ने करीब एक साल पहले ही एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके के साथ बातचीत के रास्ते खोल दिए थे। सरकार ने संकेत दिया था कि वह परिसीमन को लेकर तमिलनाडु की चिंताओं और लोक सभा में राज्य के प्रतिनिधित्व पर उसकी आपत्तियों का समाधान करने को तैयार है।

अप्रैल में विधेयक पेश किए जाने से पहले भी सरकार ने मध्यस्थों के जरिए डीएमके तक अपना प्रस्ताव पहुंचाया था। लेकिन उस समय तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव नजदीक थे। डीएमके चुनावी साल में परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार का समर्थन करके राजनीतिक जोखिम उठाने को तैयार नहीं थी।

हालांकि इसके बाद प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। डीएमके के साथ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए एक्टर विजय की पार्टी टीवीके का समर्थन दिया। फिर डीएमके और कांग्रेस के रिश्तों में दरार आ गई। डीएमके ने खुद को इंडिया गठबंंधन से अलग कर लिया। 

शरद पवार को साधने की कोशिश

बताया जा रहा है कि बीजेपी ने महाराष्ट्र में भी इसी दौरान अपनी राजनीतिक रणनीति आगे बढ़ाई। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) कभी परिसीमन विधेयकों की मुखर विरोधी थी। यही वह पार्टी है, जिसके विभाजन को लेकर बीजेपी पर आरोप लगते रहे हैं। शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने अलग होकर बीजेपी के साथ सरकार बनाई थी।

इसके बावजूद अब शरद पवार की पार्टी परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार का समर्थन करने के लिए तैयार दिखाई दे रही है।

अप्रैल से लेकर अब तक जुलाई के मानसून सत्र में बीजेपी ने दोनों दलों को अपने करीब लाने की दिशा में कई कदम उठाए।

सरकार और शरद पवार के बीच बातचीत के दौरान एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की संभावना पर भी चर्चा हुई। योजना यह थी कि दोनों गुट एक हो जाएं और फिर एनडीए में शामिल हो जाएं।

हालांकि यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार विलय के पक्ष में नहीं थे। अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने एनसीपी की कमान संभाली। बताया जाता है कि उन्होंने बीजेपी और महायुति के नेताओं को स्पष्ट कर दिया कि वह दोनों गुटों के विलय के खिलाफ हैं। हालांकि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के अलग पार्टी के रूप में एनडीए में आने पर उन्हें आपत्ति नहीं थी।

पीएम मोदी और शरद पवार की मुलाकात ने बढ़ाई सियासी अटकलें

दरअसल, बीजेपी ने विलय की योजना आगे नहीं बढ़ने के बावजूद शरद पवार के साथ बातचीत जारी रखी। मानसून सत्र के दौरान 10 अगस्त को शरद पवार ने अपनी पार्टी के सभी आठ लोक सभा सांसदों के साथ संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात का आधिकारिक एजेंडा महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति पर चर्चा करना बताया गया था। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इसे परिसीमन विधेयक के समर्थन से जोड़कर भी देखा गया।

बाद में जब 85 वर्षीय शरद पवार अस्पताल में भर्ती हुए, तो प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना। पवार के एक करीबी सहयोगी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनसे कहा था कि अब उन्हें आराम करना चाहिए और वह तथा सुप्रिया सुले मिलकर देश के कामकाज को संभालेंगे।

इस बातचीत को भी शरद पवार की पार्टी को एनडीए के करीब लाने और सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री पद दिए जाने की संभावनाओं से जोड़कर देखा गया।

सरकार ने मानीं डीएमके की दोनों प्रमुख मांगें

परिसीमन पर राजनीतिक सहमति बनाने की प्रक्रिया को शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक के फैसलों से अंतिम रूप मिला।

सरकार ने डीएमके की दो प्रमुख मांगें स्वीकार कर लीं। पहली, लोक सभा में प्रत्येक राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी बरकरार रखते हुए सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए। दूसरी, बढ़ी हुई सीटों की संख्या को अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक स्थिर रखा जाए।

सरकार की ओर से इन मांगों को लिखित रूप में स्वीकार किए जाने के बाद डीएमके ने अपना रुख बदल लिया और परिसीमन विधेयकों के समर्थन का फैसला किया।

Updated on:
29 Nov 2026, 8:06 AM IST
Published on: