
Modi Government Special Parliament Session: मोदी सरकार ने जरूरी कामकाज निपटाने के लिए संसद की विशेष बैठक बुलाई है। 30 नवंबर से लोक सभा की बैठक और 2 दिसंबर से राज्य सभा की बैठक बुलाई जाएगी। इसके साथ ही एक बार फिर से परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक की चर्चा तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में लोक सभा में ये विधेयक पेश किए थे, लेकिन दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सके।
हालांकि अब मोदी सरकार को उम्मीद है कि वह सदन में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लेगी, लेकिन परिसीमन और उत्तर-दक्षिण राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
बता दें कि मोदी सरकार की ओर से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर एक बार फिर से परिसीमन बिल और महिला आरक्षण का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है। अटकलें लगाई जा रही है कि सरकार इस विशेष सत्र में 131वें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव को सदन में ला सकती है।
हालांकि अभी तक इस बारे में मोदी सरकार की ओर से कोई भी आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। इसके बाद भी राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की दिशा में फिर से कोशिश कर सकती है।
अप्रैल 2026 में मोदी सराकर ने लोक सभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था, लेकिन यह विधेयक सदन में दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया। 2014 में एनडीए की सरकार बनने के बाद यह पहला मौका था, जब सरकार की ओर से लाया गया कोई संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो पाया।
इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े दो अन्य विधेयक भी वापस ले लिए थे। इनमें एक विधेयक नवीनतम उपलब्ध जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने से संबंधित था, जबकि दूसरा केंद्र शासित प्रदेशों में प्रस्तावित बदलावों को लागू करने के लिए था।
संविधान संशोधन विधेयक संसद के किसी भी सदन यानी लोक सभा या राज्य सभा में पेश किया जा सकता है। इसे पेश करने के लिए साधारण बहुमत पर्याप्त होता है, लेकिन विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है। यही वजह है कि अप्रैल में विपक्ष के एकजुट विरोध के चलते सरकार का विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका।
बता दें कि 131वें संविधान संशोधन विधेयक में लोक सभा के सदस्यों की संख्या 850 करने और 2029 के लोक सभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव था।
विधेयक को पारित कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आखिरी समय में सभी राज्यों की लोक सभा सीटों में 50 फीसदी समानुपातिक बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी दिया था। हालांकि, विपक्ष अपने विरोध पर कायम रहा और विधेयक जरूरी समर्थन नहीं जुटा सका।
सत्तापक्ष ने विधेयक के गिरने के बाद विरोध प्रदर्शन किया, जबकि विपक्ष का कहना था कि वह महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर उसे आपत्ति है।
बजट सत्र के दौरान मोदी सरकार ने तीन विधेयक पेश किए थे। इनका उद्देश्य महिला आरक्षण को अगली जनगणना से अलग करना और 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन से जोड़ना था।
प्रस्ताव के तहत लोक सभा की अधिकतम सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की बात थी। इसके साथ ही राज्यों को कितनी सीटें मिलेंगी, किन निर्वाचन क्षेत्रों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं क्या होंगी, इसका निर्धारण परिसीमन आयोग को करना था।
यहीं से विवाद की शुरुआत हुई थी। विपक्षी दलों और दक्षिण भारत के नेताओं ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया था कि जनसंख्या को अकेला आधार बनाकर परिसीमन करने से संघीय व्यवस्था और राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन प्रभावित हो सकता है।
बता दें कि परिसीमन को लेकर सबसे बड़ा विवाद उत्तर और दक्षिण भारत के सीटों के बंटवारे को लेकर है। इस पर विपक्षी नेताओं का तर्क है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होने पर उत्तर भारत के राज्यों को अधिक सीटें मिल सकती हैं, जबकि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिण भारतीय राज्यों का लोकसभा में प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम हो सकता है।
परिसीमन विधेयक का दक्षिण भारत की पार्टियों ने विरोध किया है। उनका कहना है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर प्रयास किए हैं और देश की अर्थव्यवस्था में भी उनका बड़ा योगदान है। ऐसे में केवल जनसंख्या के आधार पर सीटों का बंटवारा करना उनके साथ अन्याय हो सकता है। दक्षिणी राज्यों का देश की जीडीपी में योगदान करीब 30 से 31 फीसदी बताया जाता है।
हालांकि दक्षिण भारत के राज्यों के नेताओं की आशंका को दूर करने के लिए सरकार ने तर्क भी दिया। मोदी सरकार ने कहा कि सभी राज्यों की सीटों में समान रूप से 50 फीसदी बढ़ोतरी की जाएगी। सरकार के अनुसार, इस व्यवस्था से लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी मौजूदा 23.76 फीसदी से बढ़कर 23.87 फीसदी हो सकती थी।
हालांकि, विपक्ष का कहना था कि विधेयक में इस फॉर्मूले को अनिवार्य बनाने की स्पष्ट गारंटी नहीं दी गई थी। इसी वजह से दक्षिणी राज्यों की चिंताएं दूर नहीं हुईं।
संसद के संभावित विशेष सत्र ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्ष का समर्थन हासिल करना और दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं को दूर करना होगी।