राष्ट्रीय

‘मोदी दबाव में आने…’, अमेरिकी टैरिफ पर प्रधानमंत्री के रुख को लेकर पुतिन ने कही ये बड़ी बात

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आसानी से दबाव में आने वाले व्यक्ति नहीं हैं। भारतीय जनता निश्चित रूप से अपने नेता पर गर्व कर सकती है।
2 min read
Dec 04, 2025
Vladimir Putin,Prime Minister Narendra Modi,India-Russia defense relations,
दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे रूसी राष्ट्रपति पुतिन (Photo-IANS)

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम को दो दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे। इस दौरान दिल्ली के पालम हवाई अड्डे के टर्मिनल पर खड़े होकर पीएम नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति को गर्मजोशी से गले लगाया और उनका व्यक्तिगत स्वागत किया। इसके बाद वे एक ही गाड़ी में हवाई अड्डे से रवाना हुए।

रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिकी टैरिफ पर पीएम मोदी के रुख को लेकर इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दबाव के आगे झुकने वाले लोगों में से नहीं हैं, जैसे कि अमेरिका द्वारा मास्को के साथ भारत के तेल व्यापार पर टैरिफ लगाना।

इंटरव्यू के दौरान अमेरिका और पश्चिमी देशों द्वारा भारत-रूस तेल व्यापार को रोकने के लिए प्रतिबंधों के इस्तेमाल के बारे में पुतिन से सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि दुनिया देख चुकी है कि वह भारत से उस तरह बात नहीं कर सकती जैसे 77 साल पहले करती थी। भारत एक महान शक्ति है।

‘दबाव में आने वाले व्यक्ति नहीं हैं मोदी’

इंटरव्यू के दौरान रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आसानी से दबाव में आने वाले व्यक्ति नहीं हैं। भारतीय जनता निश्चित रूप से अपने नेता पर गर्व कर सकती है। यह बिल्कुल स्पष्ट है। उनका रुख अटल और स्पष्ट है, बिना किसी टकराव के। हमारा लक्ष्य संघर्ष भड़काना नहीं है; बल्कि, हम अपने वैध अधिकारों की रक्षा करना चाहते हैं। भारत भी यही चाहता है।

मेक इन इंडिया की तारीफ

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने मेक इन इंडिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमारे सहयोगात्मक प्रयास महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वे हमारे आपसी संबंधों से भी आगे जाते हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण कार्य निर्धारित किए हैं - सबसे पहले अपने लिए, फिर प्रशासन के लिए और राष्ट्र के लिए।"

उन्होंने स्वदेशी विनिर्माण के लिए मोदी के आह्वान पर ज़ोर दिया: "उदाहरण के लिए, उनके प्रसिद्ध 'मेक इन इंडिया' के नारे को ही लीजिए। इसका व्यावहारिक आयाम है, जिसमें हमारे द्विपक्षीय संबंध भी शामिल हैं।"

डिनर की मेजबानी करेंगे पीएम मोदी

बता दें कि पीएम मोदी अपने आवास पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन के लिए डिनर की मेजबानी करेंगे, जो पिछले साल पुतिन द्वारा पीएम मोदी की मॉस्को यात्रा के दौरान की गई मेजबानी की याद दिलाता है। बता दें कि 2022 में यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध शुरू होने के बाद से यह पुतिन की पहली भारत यात्रा है।

Updated on:
04 Dec 2025 10:14 pm
Published on:
04 Dec 2025 10:14 pm