
Mohammed Siraj Test Team Selection Controversy: भारतीय टेस्ट टीम से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की ओर से सिराज के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाए जाने के बीच नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। अब कांग्रेस नेता मुमताज पटेल और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने क्रिकेट में धर्म और धार्मिक भेदभाव को जगह देने का विरोध किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में नफरत और धार्मिक विभाजन की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। जब हम टीम इंडिया की बात करते हैं, तो सबसे अहम शब्द 'इंडिया' है। भारतीय क्रिकेट को हमेशा खेल के सर्वोच्च स्तर पर देखा गया है।
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने कहा कि किसी भी टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का चयन उनकी मौजूदा फॉर्म, क्षमता और टीम की जरूरत के आधार पर किया जाता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी क्रिकेट को राज्य, धर्म या संस्कृति के आधार पर बंटते नहीं देखा। ऐसे में इस खेल को नफरत और विभाजन के माहौल से दूर रखना चाहिए। देश में नफरत और धार्मिक विभाजन का माहौल बनाने से बचना जरूरी है।
वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने मोहम्मद सिराज के संघर्ष और मेहनत की तारीफ की है। हैदराबाद सांसद ने कहा कि उनका सफर आसान नहीं रहा है। सिराज हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं। उनके पिता ऑटो रिक्शा चलाते थे। इसके बावजूद सिराज ने कड़ी मेहनत, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाई।
ओवैसी ने कहा कि दुनिया शायद सिराज के संघर्ष और उनके परिवार द्वारा किए गए त्याग से पूरी तरह परिचित नहीं है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेले और अब तक 144 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं। सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है। उन्हें दबाना या लंबे समय तक टीम से बाहर रखना आसान नहीं है।
ओवैसी ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का जिक्र करते हुए कहा कि सिराज ने सीरीज के सभी पांच मुकाबले खेले और तेज गेंदबाज के तौर पर 1,113 गेंदें फेंकीं। इस दौरान वह सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने सिराज को सच्चा फाइटर बताया।
ओवैसी ने सिराज के व्यक्तित्व और सादगी की भी सराहना की। उन्होंने भरोसा जताया कि सिराज जल्द ही दमदार वापसी करेंगे और लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम की सेवा करते हुए देश को और सफलताएं दिलाएंगे।