
IMD Weather Update: देश में इस बार मानसून भले ही तीन दिन की देरी से आया हो, लेकिन अब मानसून ने महज 4 दिनों के भीतर 7 राज्यों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक मानसून अब महाराष्ट्र समेत देश के 8 राज्यों में दस्तक दे चुका है। IMD के मुताबिक, 'अगले 3 दिनों में मानसून पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा पहुंचने की संभावना है।
मानसून के महाराष्ट्र के समुद्र किनारे वाले इलाके में पहुंचने के कारण 9 जून तक सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों को लेकर चिंता जताई है। स्काईमेट वेदर के एक्सपर्ट जीपी शर्मा के मुताबिक, 'मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी रह सकती है, क्योंकि इसे आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसम सिस्टम एक्टिव नहीं है।'
मानसून तो आ गया है लेकिन तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में लगातार 5वें दिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। वहीं उत्तर भारत में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी और पूर्वी राजस्थान में तेज गर्मी का दौर दोबारा शुरू हो गया है और यहां कई इलाकों में लू (Heatwave) का अलर्ट जारी है।
8 जून को केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है। उधर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छ्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं।
9 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं राजस्थान के कई हिस्सों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश का असर बना रहेगा।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच ओडिशा और आंध्र प्रदेश के लिए अलर्ट है। यहां हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, और सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यहां रात में भी लू चलने की आशंका जताई गई है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को एक बार फिर तापमान 40°C तक पहुंच गया। हालांकि, रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे पारा गिरकर 36 डिग्री के आसपास आ सकता है।
इसी बीच यूरोपीय मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी है कि प्रशांत महासागर का तापमान स्तर तक बढ़ गया है, जो कि अल नीनो की शुरुआत है। वैज्ञानिकों का नया अनुमान चौंकाने वाला है। इस बार का अल नीनो सामान्य नहीं होने वाला।
दिसंबर तक समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 3°C तक बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह अल नीनो 2015-16 और 1997-98 के रिकॉर्ड से भी ज्यादा शक्तिशाली हो सकता है। कुछ अनुमानों में तो तापमान में 4°C तक की बढ़ोतरी का दावा किया जा रहा है, जो पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी चेतावनी है।