
Monsoon Rain Update : नई दिल्ली। मानसून की लगातार भारी बारिश के चलते राजधानी दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को कचरे से बना पहाड़ 3 मंजिला इमारत पर गिर पड़ा, जिससे पूरी इमारत ढह गई। घटना में 16 कर्मचारी मलबे में दब गए। इसी तरह से राजधानी दिल्ली के रोहिणी में बारिश के दौरान जर्जर बिल्डिंग गिरने से मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका है। दोनों जगहों पर रेस्क्यू टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई है। इसी तरह से खंडाला में लैंडस्लाइड से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई, जबकि दूसरा गार्ड अभी लापता है।
पुणे-मुंबई एक्सप्रेव वे समेत अन्य कई हाईवे पर यातायात बाधित हो रहा है। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड से 26 जिलों में 94 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ में 4 लोगों की मौतें हो गई और 21 लोग घायल हो गए। महाराष्ट्र के पालघर में बारिश जनित हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ प्रभावित 1261 लोगों को अन्य जगहों पर शिफ्ट किया गया।
वहीं लगातार भारी बारिश के कारण श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने बैटरी कार सेवा को अगले आदेश तक बंद कर दिया। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने देश के 95 प्रतिशत हिस्से को कवर कर लिया है। आइएमडी ने आगामी दो दिन में उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, दक्षिण भारत तथा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
गुजरात के सूरत में बीते 24 घंटों में 20 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। जुलाई 1941 में 18 इंच बारिश हुई थी। तीन दिन से भारी बारिश के चलते शहर में बाढ़ के हालात हैं, कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया। तीन दिन में अलग-अलग बारिश जनित हादसों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। एनडीआरएफ ने 3400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित इलाकों में खाने-पीने की सामग्री की कमी हो रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन से फोन पर बात की और वायनाड में हुए भूस्खलन (टनल निर्माण स्थल पर हादसा) की घटना में केंद्र की ओर से पूरा साथ देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से सभी संभव मदद की जाएगी। केरल में अत्यधिक भारी बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। वायनाड में लैंडस्लाइड में 5 लोगाें के मौत हुई हैं, 5 अन्य अभी तक लापता है।