राष्ट्रीय

Monsoon Update: सावन में बदला मौसम का मिजाज, राजस्थान-MP में भारी बारिश, पहाड़ों पर बढ़ी परेशानी

Weather Alert: सावन मास के दूसरे सोमवार को हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश हुई। राजस्थान में राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं पर तेज बारिश हुई।
2 min read
Aug 10, 2026
Monsoon Rain
Heavy Rainfall: राजस्थान व मध्यप्रदेश के कई जिलों में झूमकर बरसे बादल (इमेज सोर्स: ANI)

Monsoon Alert: देश के उत्तर व मध्य भारत के कई राज्यों में मानसून के सक्रिय होने से सावन की झड़ी लग गई हैं। सावन मास के दूसरे सोमवार को हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश हुई। राजस्थान में राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं पर तेज बारिश हुई। जयपुर स्थित कानोता और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया। उत्तरप्रदेश में गंगा-यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद-बिजनौर में गंगा नदी का पानी हाईवे के ऊपर बह रहा है। कई सड़कें डूब गई हैं। वाराणसी में सभी 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए। गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। हिमाचल में भारी बारिश से 124 सड़कें और 255 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं। मंडी में 51, कुल्लू में 39 और शिमला में 13 सड़कें प्रभावित हैं।

बीते 24 घंटों में यहां हुई बारिश

बीते 24 घंटे में पश्चिमी मध्यप्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। यहां सीहोर के श्यामपुर में 210 मिमी यानि 8 इंच से ज्यादा बारिश हुई। पूर्वी मध्यप्रदेश के मंडला में 190 मिमी, उत्तराखंड में 120मिमी, पूर्वी उत्तरप्रदेश में 110 मिमी और ओडिशा में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के किशनगढ़वास में 70 मिमी बारिश हुई।

अगले पांच दिन यहां होगी बारिश

आइएमडी के अनुसार 12 अगस्त के बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे 12 से 14 अगस्त के दौरान ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों 11 व 12 अगस्त को व्यापक बारिश व 13-14 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश में 11-12 अगस्त तक पश्चिमी और 11 से 16 अगस्त तक पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

तेज बहाव में नाले में बही कार, 9 की मौत

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में पड़ाना कस्बे के पास पचोर-सारंगपुर रोड पर सोमवार सुबह एक वैन के नाले में बह जाने से 9 जनों की मौत हो गई। तेज बारिश के दौरान नाला उफान पर था। लोगों की चेतावनी के बावजूद चालक ने नाला पार करने की कोशिश की। जिससे वैन तेज बहाव में बह गई। वैन में 4 बच्चे, 4 महिलाओं समेत 11 लोग सवार थे। रेस्क्यू के दौरान 9 लोगों के शव बरामद किए गए। जबकि दो जनों को स्थानीय लोगों ने तैरकर बचा लिया।