राष्ट्रीय

Monsoon 2026 Update : देश में मानसून का ‘मेगा शो’, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ताजा अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तरी ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत में मानसून और सक्रिय होगा। विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
3 min read
Jul 06, 2026
Monsoon 2026
तेज बारिश (Photo: IANS)

Monsoon 2026 : नई दिल्ली। मानसून तेजी से देश को कवर कर रहा है। कहीं तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है तो कहीं तेज फुहारों से राहत मिल रही है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया, जिससे देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तरी ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत में मानसून और सक्रिय होगा। विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। डिप्रेशन के पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने से मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भी बारिश गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को इस अवधि में समुद्र में न जाने की सलाह दी है। IMD के मुताबिक मध्य प्रदेश में 5 से 8 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में 6 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में 8 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 6 जुलाई और उत्तर प्रदेश में 8 व 9 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।

मुंबई में भारी बारिश (Photo: IANS)

तेज बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित

उधर, रविवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा और बारिश के कारण 15 से अधिक उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। मुंबई, पुणे और कोंकण क्षेत्र में लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मुंबई हवाई अड्डे पर एक घंटे तक रनवे संचालन रोकना पड़ा, जबकि यात्रियों को उड़ानों में देरी का सामना करना पड़ा। नालासोपारा में सड़कें जलमग्न हो गईं और कई वाहन पानी में फंस गए।

इन राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी

गुजरात के जूनागढ़ और भावनगर में जलभराव की स्थिति बनी रही। मध्यप्रदेश में भी झमाझम का सिलसिला जारी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। राजस्थान के जयपुर में देर रात को तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। उत्तराखंड में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ। कई राज्यों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और राहत एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के उफान पर रहने की घटनाएं बढ़ रही हैं।

पश्चिमी भारत में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी भारत में सबसे अधिक बारिश महाराष्ट्र और गुजरात में दर्ज की गई। मध्य महाराष्ट्र और कोंकण के घाट क्षेत्रों में 200 मिमी से अधिक वर्षा हुई, जबकि सौराष्ट्र के कुछ इलाकों में 570 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा से कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।

वाटरफॉल में फंसे 100 पर्यटक

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली स्थित प्रसिद्ध जेनिथ वाटरफॉल में भारी बारिश के बीच अचानक जलस्तर बढ़ने से 100 से अधिक पर्यटक फंस गए। स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। रस्सियों की मदद से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रशासन ने पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Updated on:
06 Jul 2026 07:24 am
Published on:
06 Jul 2026 07:04 am