राष्ट्रीय

मानसून का बदला मिजाज! दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव, कई राज्यों में सूखे जैसे हालात

Monsoon Update: कई राज्यों में बारिश की कमी के चलते खरीफ फसलों की बुवाई की रफ्तार नहीं बढ़ी है। वहीं राजधानी दिल्ली में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि कहीं भारी बारिश तो कहीं सूखे जैसे हालात।
2 min read
Aug 09, 2026
weather
बारिश कहीं आफत, कहीं राहत, जानिए मौसम अपडेट। (इमेज सोर्स: AI जनरेटेड)

IMD Weather Update: राजधानी दिल्ली में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। कई जगहों पर जलभराव से परेशानी बढ़ गई। कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को गंतव्य पहुंचने में घंटों लग गए। बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में 9 मकान धराशायी हो गए। कई क्षेत्रों में 2 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार बीते शुक्रवार को सफदरजंग में 57.3 मिमी, जनकपुरी में तीन घंटे में 62.5 मिमी और पालम में 57 मिमी बारिश हुई।

अगले सप्ताह जारी रहेगी बारिश : आईएमडी

आईएमडी की ओर से शुक्रवार को जारी दो सप्ताह के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहेगा। अगले दो-तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। पहले सप्ताह (12 अगस्त तक) में देशभर सामान्य के आसपास बारिश रहने का अनुमान है, जबकि दूसरे सप्ताह में बारिश कुछ कम हो सकती है। दूसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी नया कम दबाव का क्षेत्र भी बनने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से पूर्वी भारत, मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पश्चिमी हिमालयी राज्यों में भी कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।

पिछले साल की तुलना में पिछड़ी खरीफ बुवाई

कई राज्यों में बारिश की कमी के चलते खरीफ फसलों की बुवाई की रफ्तार नहीं बढ़ी है। कृषि मंत्रालय के अनुसार पिछले साल की तुलना में 31 जुलाई तक 26.50 लाख हेक्टेयर की बुवाई कम हुई। पिछले साल 920.72 लाख हेक्टेयर की तुलना में इस साल अभी तक 894.22 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई है।

जानें कैसे बिगड़ा बारिश का चक्र

देश के कई हिस्सों में बारिश का पैटर्न बदल गया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों और पश्चिमी तट पर बारिश बढ़ी है। वहीं, केरल, पूर्वोत्तर, गंगा के मैदानी इलाकों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश कम हुई है। राजस्थान के 18 जिलों में बारिश सामान्य से कम हुई है, जबकि 6 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। राज्य के 55 जिलों में से सिर्फ 2 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। वहीं, 53 जिलों में बारिश की कमी है, जिससे कुछ इलाकों में सूखे जैसे हालात बन रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के भी 9 जिलों में बारिश सामान्य से कम हुई है।

Updated on:
09 Aug 2026 10:02 pm
Published on:
09 Aug 2026 10:02 pm