9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ED डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा, अब 13 अगस्त 2027 तक संभालेंगे कमान

केंद्र सरकार ने ED डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा दिया है। अब राहुल नवीन 13 अगस्त 2027 तक प्रवर्तन निदेशालय की कमान संभालेंगे।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Aug 09, 2026

ED Director Rahul Navin, Rahul Navin, Rahul Navin Tenure, ED Director Extension, Enforcement Directorate Director, ED Director News,

ED डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा (फोटो - एक्स/@capt_ivane)

ED Director Rahul Navin: केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। अब वह 13 अगस्त 2027 तक इस पद पर बने रहेंगे। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने राहुल नवीन के कार्यकाल के विस्तार को मंजूरी दी है। राहुल नवीन 1993 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी हैं। उनका विस्तारित कार्यकाल निर्धारित सेवानिवृत्ति की तारीख 31 जुलाई 2027 के बाद भी जारी रहेगा।

कौन हैं राहुल नवीन?

राहुल नवीन बिहार से आते हैं। उनके पास आईआईटी कानपुर से बीटेक और एमटेक की डिग्री है। उन्होंने मेलबर्न स्थित स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से MBA भी किया है। ईडी की वेबसाइट के मुताबिक, राहुल नवीन को आयकर विभाग में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्हें खास तौर पर अंतरराष्ट्रीय कराधान के मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है।

अंतरराष्ट्रीय टैक्स मामलों में रहा लंबा अनुभव

राहुल नवीन ने 2004 से 2008 के बीच मुंबई स्थित इंटरनेशनल टैक्सेशन डायरेक्टोरेट में काम किया। इस दौरान भारत में मौजूद संपत्तियों से जुड़े कई ऑफशोर लेनदेन में टैक्स डिमांड तय करने में उनकी अहम भूमिका रही।

इसके बाद नवंबर 2015 से नवंबर 2017 तक उन्होंने कमिश्नर ऑफ ट्रांसफर प्राइसिंग के तौर पर काम किया। इस दौरान इंटैन्जिबल एसेट्स, रॉयल्टी पेमेंट, इनबाउंड और आउटबाउंड लोन, कमोडिटी ट्रांजैक्शन समेत ट्रांसफर प्राइसिंग से जुड़े मामलों की निगरानी की।

राहुल नवीन ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) में भी दो बार जिम्मेदारी संभाली। जुलाई 2000 से अप्रैल 2004 तक वह टैक्स पॉलिसी डिवीजन में अंडर सेक्रेटरी रहे। इसके बाद अप्रैल 2011 से नवंबर 2015 तक उन्होंने फॉरेन टैक्स एंड टैक्स रिसर्च डिवीजन में डायरेक्टर के तौर पर काम किया।

2019 में ED से जुड़े, 2024 में बने निदेशक

नवंबर 2019 में अंतरराष्ट्रीय कराधान के अपने अनुभव के चलते राहुल नवीन को ED में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया। उनकी प्रमुख जिम्मेदारी FATF की म्यूचुअल इवैल्यूएशन प्रक्रिया में भारत की मदद करना थी।

नवंबर 2020 में उन्हें ED में स्पेशल डायरेक्टर (HQ) बनाया गया। इस भूमिका में उन्होंने देशभर में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के समन्वय, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, संधि के तहत संपत्तियों की रिकवरी और एजेंसी के प्रशासनिक मामलों की निगरानी की।

15 सितंबर 2023 को राहुल नवीन ने ED के डायरेक्टर (इन-चार्ज) का पद संभाला। इसके बाद 14 अगस्त 2024 को उन्हें औपचारिक रूप से डायरेक्टर ऑफ एनफोर्समेंट नियुक्त किया गया। अब सरकार ने उनका कार्यकाल एक साल बढ़ाकर 13 अगस्त 2027 तक कर दिया है।