
सूरत। वक्त गुजरता रहता है, दिन बदलते रहते हैं, लेकिन कुछ जख्म ऐसे होते हैं जो कभी नहीं भरते। खासकर एक मां के लिए बेटे को खोने का दर्द शायद ही कभी कम होता है। शहर के स्मीमेर अस्पताल में ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आता है। करीब छह-सात महीने पहले जिस जगह एक बेटे ने आखिरी सांस ली थी, उसकी मां आज भी हर सप्ताह वहीं पहुंचती है। बेटे का नाम लेकर उसे पुकारती है, आंखों से आंसू बहाती है और उसकी पसंद की चीजें वहीं रखकर लौट जाती है। बेटा अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन मां का मन आज भी उसी जगह ठहरा हुआ है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, करीब छह-सात महीने पहले राजू नाम के युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस से स्मीमेर अस्पताल लाया गया था। हालांकि कैजुअल्टी विभाग के बाहर ही उसने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत का सदमा मां इस कदर बर्दाश्त नहीं कर पाई कि उसकी जिंदगी जैसे उसी दिन थम गई। समय बीतता गया, लेकिन बेटे की आखिरी यादें उसके दिल से नहीं निकल पाईं। अब हर सप्ताह वह उसी जगह पहुंचती है, जहां उसके बेटे ने अंतिम सांस ली थी। वहां खड़े होकर कई बार बेटे का नाम पुकारती है। उसकी आंखों से आंसू बहते रहते हैं। मानो उसे अब भी उम्मीद हो कि बेटा उसकी आवाज सुनेगा और पलटकर जवाब देगा। कुछ देर वहां रुककर अपने मन की पीड़ा बयां करती है और फिर वापस लौट जाती है।
मां अपने बेटे की याद में उसकी पसंद की चीजें भी साथ लेकर आती है। वह एक सिगरेट जलाकर वहां रखती है। साथ में पानी की बोतल और गुटखे के पैकेट भी छोड़ जाती है। स्मीमेर अस्पताल परिसर में सिगरेट पीने और गुटखा खाने पर प्रतिबंध है। नियम तोड़ने वालों से जुर्माना भी वसूला जाता है, लेकिन यह मां वहां खुद सिगरेट पीने या गुटखा खाने नहीं आती। वह तो अपने दिवंगत बेटे की पसंदीदा चीजें उसकी याद में रखकर चली जाती है। अस्पताल का स्टाफ भी इस दृश्य को देखता है, लेकिन मां के दर्द और बेटे के बिछोह की पीड़ा को महसूस कर उसे रोकने या टोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। एक ओर इसी अस्पताल में लोग अपने परिजनों की सलामती के लिए दुआएं मांगते हैं, तो दूसरी ओर अस्पताल के बाहर एक मां हर सप्ताह अपने खोए हुए बेटे की याद में आंसू बहाने पहुंचती है। उसके लिए यह सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि बेटे की आखिरी मौजूदगी से जुड़ी वह निशानी है, जहां आकर शायद उसे कुछ पल के लिए अपने बेटे के करीब होने का अहसास होता है।