राष्ट्रीय

ASI ने रिश्वत के लिए रेस्तरां में की थी गुंडागर्दी, मुंबई में उसी के थाने में दर्ज हुआ मारपीट का केस

एएसआई के खिलाफ कार्रवाई भी तब हुई, जब घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसकी जमकर आलोचना की। मामला मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नगराले के पास भी पहुंचा। इसके बाद जांच हुई, जिसमें मामला सही पाए जाने के बाद एएसआई पाटिल के खिलाफ उसी के थाने में केस दर्ज हुआ।

2 min read
Dec 24, 2021
मुंबई पुलिस

मुंबई में शुक्रवार को तब एक दिलचस्प वाकया सामने आया, जब पुलिस ने एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर यानी एएसआई के खिलाफ उसी थाने में मारपीट का केस दर्ज किया, जिस थाने वह एएसआई तैनात है। जिस मामले में एएसआई के खिलाफ कार्रवाई हुई है, वह तीन दिन पुराना है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि एएसआई के खिलाफ कार्रवाई भी तब हुई, जब घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसकी जमकर आलोचना की। वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि जांच में यह समय लगा और अब मारपीट करने वाले एएसआई के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, वकोला थाने में तैनात एएसआई विक्र्रम पाटिल पर एक रेस्त्रां के कैशियर से मारपीट करने का आरोप था। यह घटना रेस्त्रां में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। एएसआई विक्रम पाटिल के खिलाफ आरोप लगा था कि उन्होंने रेस्त्रां बंद हो जाने के बाद भी खाना और शराब मांगी और वह उसके पैसे भी नहीं दे रहे थे। रेस्त्रां संचालकों ने इससे इंकार किया, जिसके बाद पाटिल ने रेस्त्रां के कैशियर से मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचा था वीडियो
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से एएसआई पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग थी। मामला मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नगराले के पास भी पहुंचा। इसके बाद जांच हुई, जिसमें मामला सही पाए जाने के बाद एएसआई पाटिल के खिलाफ उसी के थाने में केस दर्ज हुआ। नगराले ने बताया कि पुलिस एएसआई पाटिल के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

क्या था मामला
दरअसल, मुंबई वकोला थाना क्षेत्र में स्वागत रेस्त्रां और बार है। इस रेस्त्रां के संचालक हैं महेश शेट्टी। उन्होंने पुलिस से इस बारे में शिकायत थी। महेश के मुताबिक, बीते बुधवार को कुछ पुलिस वाले बिना वर्दी के देर रात करीब साढ़े बारह बजे रेस्त्रां के पिछले दरवाजे से आए। महेश ने बताया कि तब रेस्त्रां बंद हो गया था औैर अधिकतर कर्मचारी अपने घर चले गए थे। हमने उन पुलिसकर्मियों को बताया कि रेस्त्रां बंद हो चुका है और कर्मचारी भी नहीं हैं, तब रेस्त्रां के कैशियर करीब 40 वर्षीय रामदास पाटिल के साथ उन पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। इसमें वकोला थाने में नियुक्त एएसआई विक्रम पाटिल भी थे। महेश शेट्टी की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखा और मामला सही पाए जाने पर आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

Published on:
24 Dec 2021 07:33 pm
Also Read
View All