राष्ट्रीय

पीएम नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद इंस्टाग्राम पर शेयर किया रील

Commonwealth Games 2026 में भारत ने 39 पदक जीते। PM मोदी ने पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर बधाई दी। बॉक्सिंग में 7 गोल्ड और जूडो में 2 स्वर्ण पदक आए हैं।
2 min read
Aug 09, 2026
Narendra Modi Athletes Meeting news
पीएम नरेंद्र मोदी ने पदक विजेता खिलाड़ियों से की मुलाकात(फोटो-X/@narendramodi)

Narendra Modi Athletes Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए बधाई दी। भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल 39 पदक जीतकर मेडल टेबल में चौथा स्थान हासिल किया। इसमें 13 स्वर्ण, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज पदक शामिल रहे।

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर उनका हौसला बढ़ाते हुए लिखा, 'जो खेलेंगे, वही खिलेंगे। हमेशा भारत का उत्साह बढ़ाएं। भारत माता की जय!'

बॉक्सिंग में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन

ग्लासगो में भारतीय बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते। इनमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल हैं। सात स्वर्ण पदक जीतना कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला बॉक्सरों के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।

भारत के लिए प्रीति पवार (54 किग्रा), जैस्मीन लाम्बोरिया (57 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा) और अंकुश पंघाल (80 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते।

वहीं जडुमणि सिंह (55 किग्रा), ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (90+ किग्रा) ने सिल्वर मेडल अपने नाम किए।

स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को खास बताया। उन्होंने कहा कि सभी कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेताओं को प्रधानमंत्री ने आमंत्रित किया था और उनसे मिलना गर्व और खुशी का अनुभव रहा। साक्षी ने पीएम मोदी को बेहद विनम्र बताते हुए इस मुलाकात को शानदार अनुभव बताया।

जूडो में भी भारत ने रचा इतिहास

भारतीय जूडो टीम ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। ग्लासगो में भारत ने जूडो के 12 इवेंट में हिस्सा लिया और दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज सहित कुल चार पदक जीते। 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने जूडो में तीन पदक जीते थे, लेकिन तब कोई स्वर्ण पदक नहीं मिला था।

इस बार खेलो इंडिया से जुड़े खिलाड़ियों अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने इतिहास रच दिया। दोनों ने जूडो में भारत के लिए पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स का स्वर्ण पदक जीता। अस्मिता कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला जुडोका बनीं, जबकि हर्ष सिंह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय पुरुष जुडोका बने।

Updated on:
09 Aug 2026 08:02 pm
Published on:
09 Aug 2026 07:54 pm