राष्ट्रीय

ज्योतिषी रेप कांड अपडेट, 58 महिलाओं से दरिंदगी करने वाले आरोपी के खिलाफ सरकार का नया एक्शन प्लान तैयार

Nashik Astrologer Scandal Case: नासिक में ज्योतिषी अशोक खरात पर महिलाओं के शोषण का आरोप। पुलिस को पेनड्राइव में 58 महिलाओं से जुड़े वीडियो मिले। मामले की जांच के लिए SIT गठित।
2 min read
• •
Updated: 19 Mar 2026, 8:31 PM IST
Nashik Astrologer Scandal Case
Nashik Astrologer Scandal Case

Nashik Astrologer Scandal Case: महाराष्ट्र के नासिक से आस्था और विश्वास के नाम पर रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। खुद को कैप्टन कहने वाले एक रसूखदार ज्योतिषी अशोक खरात को पुलिस ने सम्मोहन और डर दिखाकर महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में जो खुलासे हुए हैं, उन्होंने पुलिस प्रशासन और समाज को झकझोर दिया है। आरोपी के पास से एक ऐसी पेनड्राइव मिली है, जिसमें 58 अलग-अलग महिलाओं से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो होने का दावा किया जा रहा है।

आस्था की आड़ में सम्मोहन का जाल

पुलिस की FIR के अनुसार, 67 वर्षीय अशोक खरात मर्चेंट नेवी का रिटायर्ड अधिकारी है, इसलिए वह खुद को कैप्टन कहलवाना पसंद करता था। नासिक के पॉश इलाके कनाडा कॉर्नर में उसने ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स के नाम से दफ्तर खोल रखा था। हालांकि, पुलिस के अनुसार यहां कथित तौर पर महिलाओं को उनकी निजी समस्याओं के समाधान के नाम पर बुलाया जाता था।

आरोप है कि खरात ज्योतिष और आध्यात्मिक शक्तियों के बहाने महिलाओं को बुलाता था। पीड़ित महिला के अनुसार, वह अनुष्ठान के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाकर महिलाओं को सम्मोहित कर लेता था। इसके बाद वह तंत्र-मंत्र और उनके पतियों को नुकसान पहुंचने का डर दिखाकर उनके साथ बार-बार दुष्कर्म करता था।

खुफिया कैमरों वाला फार्महाउस

जांच में सामने आया है कि खरात ने अपने दफ्तर और फार्महाउस में गुप्त रूप से CCTV कैमरे लगा रखे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक पेनड्राइव बरामद की है, जिसमें 58 महिलाओं से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो होने की बात कही जा रही है। इन वीडियो के इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है और ब्लैकमेल जैसे एंगल की भी पड़ताल की जा रही है।

बेडरूम से गिरफ्तारी का फिल्मी सीन

खरात का रसूख इतना था कि पुलिस को डर था कि छापेमारी की खबर लीक हो सकती है। पुलिस टीम ने आधी रात को उसके फार्महाउस को घेरा और बाहर चोर-चोर का शोर मचाया। जैसे ही हलचल हुई, पुलिस सीधे खरात के बेडरूम में दाखिल हो गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान फार्महाउस से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं।

नेताओं और हस्तियों का गुरु?

अशोक खरात सिन्नर स्थित श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष भी है। चर्चा है कि उसके दरबार में महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक के कई प्रभावशाली लोगों का आना-जाना रहा है। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।

SIT करेगी हाई-प्रोफाइल कनेक्शन की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने IPS अधिकारी तेजस्विनी सातपुते के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। नासिक क्राइम ब्रांच अब यह पता लगा रही है कि क्या इन वीडियो के जरिए किसी को ब्लैकमेल किया गया था। महाराष्ट्र भर में खरात की संपत्तियों और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

राजनीतिक सवाल भी उठे

इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। शिवसेना (UBT) नेता सुषमा अंधारे ने सरकार से सवाल किया है कि ऐसे लोगों को संरक्षण देने वालों पर कब कार्रवाई होगी।

Updated on:
19 Mar 2026, 8:31 PM IST
Published on: