कांग्रेस से निकाले जाने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत सिंह कौर ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है।
Navjot Kaur Sidhu New Political Party BRP: कांग्रेस से निकाले जाने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत सिंह कौर ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बात की जानकारी दी। एक्स पर एक फोटो शेयर किया है, जिसमें नई पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी लिखा है। बता दें कि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा- हमने देश स्तर पर एक नया विकल्प तैयार करने पर काम किया है। हमने वर्तमान राजनीतिक नेताओं के कामकाज और प्रदर्शन को ध्यान से देखा और समझा है। हम बस अपना जीवन देश के लिए समर्पित करना चाहते हैं, ताकि लोगों को वही दे सकें जिसकी उन्हें सच में जरूरत है और जिसकी वे हमसे उम्मीद करते हैं।
बता दें कि नवजोत सिंह कौर के पार्टी के ऐलान के समय नवजोत सिंह सिद्धू नजर नहीं आए। वहीं कांग्रेस से निकाले जाने के बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि कौर की बीजेपी से नजदीकियां बढ़ रही है और वे भाजपा में शामिल हो सकती है। लेकिन अब नवजोत सिंह कौर ने अपनी पार्टी का ऐलान कर दिया।
पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत सिंह कौर को कांग्रेस ने पार्टी से निकाल दिया। नवजोत कौर ने दावा किया था कि पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने के लिए 500 करोड़ रुपये की अटैची देनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि हम पंजाब और पंजाबियत के लिए बोलते हैं, लेकिन हमारे पास 500 करोड़ रुपये नहीं हैं जो कुर्सी खरीदने के लिए दें।
यह बयान पंजाब कांग्रेस में भारी बवाल मचा गया। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता और पार्टी की छवि खराब करने वाला मानते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी। नवजोत कौर ने बाद में सफाई दी कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, लेकिन पार्टी ने कार्रवाई नहीं रोकी।
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वहीं अब नवजोत सिंह कौर के पार्टी बनाने के बाद प्रदेश के सियासी समीकरण बदल सकते हैं।