
Uttar Pradesh Elections: भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता संजय राउत पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को विदेश से मिलने वाले फंड पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को विदेश से कितने हजार करोड़ रुपए मिले और उसमें उद्धव ठाकरे गुट को कितना हिस्सा मिला? बन ने कहा कि राउत को टीपू सुल्तान की चिंता करने के बजाय इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
नवनाथ बन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे पर जाकर भारत की बदनामी नहीं करते। राउत को यह बात समझनी चाहिए। महाराष्ट्र की जनता ने उद्धव ठाकरे गुट के राजनीतिक एजेंडे को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना करने के बजाय सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का स्वागत करना चाहिए। कर्नाटक सरकार ने किसानों को ढाई हजार रुपए की मदद देकर उनके साथ न्याय नहीं किया है। बन ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विदेश से कौन-कौन से देश मदद कर रहे हैं और भाजपा को हराने के लिए कितने देश उनके साथ हैं, इसका जवाब संजय राउत को देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश से एजेंडा लेकर भारत आते हैं। बन ने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू विरोधी माने जाने वाले टीपू सुल्तान का गौरवगान किया है। ऐसे में राउत को टीपू सुल्तान से इतना लगाव क्यों है?
नवनाथ बन ने सूखे की स्थिति को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने आदित्य ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस घर में बैठकर काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि सूखा प्रभावित किसानों के खेतों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने राहत सहायता की घोषणा की है और किसानों को दो लाख रुपए तक की कर्जमाफी भी दी गई है। बन ने उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहने के दौरान के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि ढाई साल तक उद्धव ठाकरे घर से ही सरकार चलाते रहे। जब वे किसानों के बीच पहुंचे तो किसानों ने उनसे कहा कि घोषित सहायता उन तक नहीं पहुंची और कर्जमाफी का लाभ भी नहीं मिला। उन्होंने आदित्य ठाकरे से पूछा कि उन्होंने किसानों की मदद के लिए बिस्किट का एक पैकेट तक दिया है या नहीं। बन ने कहा कि आदित्य ठाकरे न किसानों के खेतों तक जा रहे हैं और न उनकी मदद कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें महायुति सरकार पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
बन ने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से सोने की खरीद को लेकर दी गई सलाह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। आज लोगों को समझ आ रहा है कि उनकी सलाह के पीछे क्या वजह थी। बन के अनुसार उस समय सोने की खरीद करने वालों को आज की कीमतों के मुकाबले नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के हित में फैसले लेते हैं, जबकि संजय राउत की अब तक की कई भविष्यवाणियां गलत साबित हुई हैं। जनता अब उनकी बातों को समझ चुकी है।
नवनाथ बन ने विधायकों और सांसदों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने साथ जोड़ने के लिए सिर्फ पैसा काफी नहीं होता, बल्कि जनता का प्यार और विश्वास जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को विदेश से फंड मिलता है, लेकिन उस पैसे से जनप्रतिनिधियों को नहीं खरीदा जा सकता। बन ने उद्धव ठाकरे गुट पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वसूली से जमा किए गए 100 करोड़ रुपए से भी विधायक और सांसद नहीं खरीदे जा सकते। जनप्रतिनिधि जनता के काम करने वालों के साथ खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के काम भाजपा और एनडीए की सरकार कर रही है।