राष्ट्रीय

NCERT ने जारी किया मॉड्यूल, देश के विभाजन के लिए तीन पक्षों को बताया जिम्मेदार, छिड़ा सियासी संग्राम

NCERT Module: NCERT के विशेष मॉड्यूल के बाद सियासी संग्राम तेज हो गया है। राजद नेता मनोज झा और कांग्रेस ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।

2 min read
Aug 16, 2025
Feature image
NCERT ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मॉड्यूल किया जारी (Photo- X @RailMinIndia)

NCERT Module: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर एक विशेष शैक्षिक मॉड्यूल जारी किया। जिसमें भारत के 1947 के विभाजन के लिए तीन पक्षों को जिम्मेदार ठहराया गया है। NCRT के इस मॉड्यूल के बाद सियासी संग्राम भी छिड़ गया है। यह मॉड्यूल कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 के लिए अलग-अलग तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विभाजन की त्रासदी को समझाना है।

तीन लोगों को बताया जिम्मेदार

NCERT के मॉड्यूल में देश के विभाजन के लिए कांग्रेस, मोहम्मद अली जिन्ना और माउंटबेटन को जिम्मेदार बताया गया है। इस किताब का टाइटल ‘विभाजन के दोषी’ दिया गया है। 

मॉड्यूल में क्या कहा गया

NCERT द्वारा जारी मॉड्यूल में कहा गया कि विभाजन अकेले किसी व्यक्ति का काम नहीं था बल्कि तीन लोगों का काम था। पहला जिन्ना- जो कि विभाजन का प्रचार कर रहे थे, दूसरा कांग्रेस- जिसने विभाजन को स्वीकार किया और माउंटबेटन- जिसे विभाजन को लागू करने के लिए भेजा गया था। 

कश्मीर का मुद्दा हुआ खड़ा

विभाजन के बाद भी हिंदू और मुसलमानों में नफरत खत्म नहीं हुई। इसी समय कश्मीर का मुद्दा खड़ा हो गया, जो कि पहले नहीं था। यह मुद्दा भारत की विदेश नीति के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया।

सियासी संग्राम छिड़ा

NCERT के इस मॉड्यूल के बाद सियासी संग्राम छिड़ गया है। इस पर राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा कि इतिहास किसी के सोचने से नहीं बदलता, उसका पूरा संदर्भ होता है। आप कांग्रेस को नहीं, गांधी को गुनहगार मान रहे हैं। यही इनकी सोच है। कहते हैं न, ‘फलाने के हाथ में नारियल’। इतिहास इस तरह की छेड़छाड़ से नहीं बदलेगा। कुछ हासिल नहीं होगा। आप जनरेशन को खराब कर रहे हैं। आप सिर्फ नफरत की जुबान जानते हैं, नफरत की फसल बोने में माहिर हैं। लेकिन अब यह फसल इस देश में नहीं चलेगी।"

कांग्रेस ने क्या कहा

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि मैं एनसीईआरटी को विभाजन पर चर्चा के लिए चुनौती देता हूं। आज, उनके (भाजपा) पास एनसीईआरटी है। उन्हें विभाजन के बारे में कुछ भी नहीं पता। वहीं कांग्रेस पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा- इस दस्तावेज़ को जला दो क्योंकि यह सच नहीं बताता। विभाजन हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग की सांठगांठ के कारण हुआ था।

RSS देश के लिए खतरा-पवन खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा- आरएसएस इस देश के लिए खतरा है। विभाजन का विचार सबसे पहले 1938 में हिंदू महासभा द्वारा प्रचारित किया गया था। इसे 1940 में जिन्ना ने दोहराया।

Published on:
16 Aug 2025 03:00 pm