राष्ट्रीय

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बयान: NEET परीक्षा 195 मिनट की होगी, निष्पक्ष परीक्षा का दिया भरोसा

NEET update: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भोपाल में कहा कि NEET परीक्षा 195 मिनट की होगी और इसे निष्पक्ष वातावरण में कराया जाएगा, छात्रों को अतिरिक्त समय भी मिलेगा।

2 min read
Jun 14, 2026
Dharmendra Pradhan NEET 195 minutes exam update.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव। (Photo- IANS)

Dharmendra Pradhan on NEET 2026: छात्र पूरे मन से भरोसा कर पढ़ाई में मन लगाएं। 21 जून को दोबारा नीट की परीक्षा बहुत व्यवस्थित तरीके से होगी। सरकार और एजेंसियां निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी छात्र के साथ अन्याय न हो। यह दावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भोपाल में किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने नीट परीक्षा पर कहा कि इस बार परीक्षार्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त वक्त दिया जाएगा।

इस बार परीक्षा 180 नहीं, मिलेंगे 195 मिनट

केंद्रीय मंत्री प्रधान नीट परीक्षा के शेड्यूल में हुए बदलाव पर कहा, एनटीए ने नीट की दोबारा होने वाली परीक्षा में कुछ बदलाव किए हैं। परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। पहले 180 मिनट दिए जाते थे। अब 195 मिनट मिलेगा। बता दें, नीट यूजी 2026 का पेपर लीक होने के बाद पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

एनएसयूआई के कार्यकर्ता नजरबंद

मंत्री प्रधान के आगमन पर विरोध की आशंका में हर तरफ पुलिस बल तैनात किया गया। भाजपा के संवाद कार्यक्रम में भी मिंटो हॉल के आसपास पुलिस का घेरा बनाया गया। शनिवार को कई एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद भी किया।

‘आत्मनिर्भर महिला सम्मान’ कार्यक्रम में हुए शामिल

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भोपाल में आयोजित ‘आत्मनिर्भर महिला सम्मान’ कार्यक्रम में आत्मनिर्भर नारी शक्ति से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के परिश्रम, प्रतिभा और आत्मविश्वास की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं आज कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपनी एक सशक्त और नई पहचान गढ़ रही हैं।

मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से ‘लखपति दीदी’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये महिलाएं स्वरोजगार के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्रों में भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।

इसके साथ ही उन्होंने उन महिलाओं की भी सराहना की, जो उच्च शिक्षा, पीएचडी और डबल आईटीआई जैसे कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए अपने भविष्य को नई दिशा दे रही हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बन रही हैं।

Published on:
14 Jun 2026 04:59 am