राष्ट्रीय

नीट पेपर लीक के विरोध में NSUI ने NTA कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

NEET UG 2026 paper leak: दिल्ली में NSUI ने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर NTA कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों ने एजेंसी पर प्रतिबंध और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की, जबकि CBI ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
May 16, 2026
NSUI protest outside the NTA office
NTA कार्यालय के बाहर NSUI का प्रदर्शन (फोटो- एएनआई)

NEET UG 2026 paper leak: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी NEET UG 2026 का पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। इसी घटना के विरोध में अभ नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने दिल्ली स्थित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ताले और जंजीर लेकर एजेंसी को बंद करने का प्रतीकात्मक संदेश दिया तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कई प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई, जिसके बाद कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया। छात्रों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाए।

NTA को बंद करने की उठाई मांग

प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने NTA पर लगातार पेपर लीक रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। कई प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी को नेशनल करप्शन एजेंसी बताते हुए इसे तुरंत बंद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हर बड़ी परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने से छात्रों का मानसिक दबाव बढ़ रहा है। कुछ छात्रों ने परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेने की अपील भी की। छात्रों ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बीजेपी पर भी साधा निशाना

प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर भी निशाना साधा। एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि सरकार केवल भाषण देती है लेकिन पेपर लीक मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होती। छात्रों ने दावा किया कि राजस्थान सहित कई राज्यों में सामने आए मामलों ने परीक्षा तंत्र की कमजोरियां उजागर कर दी हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक प्रभाव और भ्रष्टाचार से मुक्त करना जरूरी है। कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार NTA को बचाने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शन के दौरान लगातार NTA बंद करो और छात्रों को न्याय दो जैसे नारे लगाए गए। इस प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिसबल तैनात किया गया और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

इस बीच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। CBI के अनुसार कुलकर्णी केमिस्ट्री लेक्चरर है और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। जांच एजेंसी का कहना है कि उसने चुनिंदा छात्रों को विशेष कोचिंग क्लास में वही प्रश्न और उत्तर बताए थे जो बाद में वास्तविक परीक्षा में आए। मामले में पहले गिरफ्तार की जा चुकी मनीषा वाघमारे के साथ उसकी भूमिका की भी जांच चल रही है। CBI ने कई शहरों में छापेमारी कर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। एजेंसी अब फोरेंसिक जांच के जरिए पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Updated on:
16 May 2026 04:08 pm
Published on:
16 May 2026 03:04 pm