राष्ट्रीय

मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी खबर, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद

New Delhi Metro Station Closed: जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच DMRC ने नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा भी फिलहाल उपलब्ध नहीं रहेगी।
less than 1 minute read
New Delhi Metro Station closed until further orders.
दिल्ली मेट्रो (Photo- ANI)

Delhi Metro Service Update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। DMRC ने अगले आदेश तक नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को बंद करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही इस स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दी। DMRC ने लिखा, 'नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इस स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है।'

गुरुवार को 17 मेट्रो स्टेशन बंद किया गया था

इससे पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार को घोषणा की थी कि गुरुवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। उस समय राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखने की बात कही गई थी। हालांकि, शुक्रवार को जारी नए अपडेट के अनुसार, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी अगले आदेश तक पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है और उन्हें वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे।

गुरुवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने जिन 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया था, वे हैं— लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवाला।

Updated on:
24 Jul 2026 02:29 pm
Published on:
24 Jul 2026 02:14 pm